लखीमपुर खीरी। राज्य महिला आयोग की सदस्य सुजीता कुमारी ने बुधवार को महिला थाने का निरीक्षण किया। उन्होंने कंप्यूटर कक्ष, कार्यालय व थाने का मुआयना करते हुए रखरखाव के बारे में दिशा निर्देश दिए।
महिला थाना एसओ शिल्पी शुक्ला से थाने के बारे में जानकारी लेते हुए कहा कि पीड़ित महिलाओं की समस्या को प्राथमिकता से सुनें और उसका निस्तारण जल्द से जल्द कराने की कोशिश करें। उन्होंने कहा महिला संबंधी किसी मामले में हीलाहवाली न की जाए।
सरकार की प्राथमिकता है कि महिला उत्पीड़न और उनसे संबंधी मामले तत्काल निपटाए जाएं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की शिकायतें भी तत्काल सुनीं और लिखी जाएं।
इस बीच थाने में महिला संबंधी आई हुई शिकायतों की फाइलें भी देखीं। वहां मौजूद महिला शिकायतकर्ताओं की भी बात सुनी और निपटाने के निर्देश दिए।