लखीमपुर खीरी। नवाचार को बढ़ावा देने के लिए राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में विज्ञान और गणित क्लब गठित किए जाएंगे। इसके तहत शिक्षक विद्यार्थियों में विषयों की रुचि बढ़ाने का काम करेंगे। इसके लिए स्कूलों को बजट भी जारी किया जाएगा।
विद्यालयों में गठित होने वाले क्लब के संरक्षक प्रधानाचार्य होंगे। डीआईओएस डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिले के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में नवाचार को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा बच्चे इससे लाभान्वित हों। इसको लेकर स्कूलों में विज्ञान और गणित क्लब का गठन किया जाएगा।
इन क्लबों में शिक्षक विद्यार्थियों की अभिरुचि बढ़ाने पर काम करेंगे। स्कूलों में विज्ञान और गणित क्लब के लिए 25 हजार रुपये का बजट मुहैया कराया जाएगा। इन क्लबों का संरक्षक प्रधानाचार्य को बनाया जाएगा ताकि सुगम तरीके से इनका संचालन हो सके। बताया कि विद्यालयों में विद्यार्थियों की गणित व विज्ञान विषय में रुचि बढ़ाने के लिए गणित और विज्ञान क्लब का गठन किया जाता है।
इसमें इन दोनों विषयों के होनहार छात्र-छात्राओं को शामिल किया जाएगा। क्लब का अध्यक्ष 11वीं के उस मेधावी बच्चे को बनाया जाएगा, जिसने 10वीं में विज्ञान व गणित में सर्वाधिक अंक हासिल किए होंगे। वहीं सचिव कक्षा 10 का वह छात्र होगा, जिसने नौवीं में विज्ञान व गणित में सर्वाधिक अंक हासिल किए होंगे।