गोला गोकर्णनाथ। कोतवाली क्षेत्र के गांव भुड़वारा में नवविवाहिता को उसके ससुराल वालों ने दहेज की खातिर तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने मारपीट कर जबरन गर्भपात करने का भी आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
गांव निवासी कुतुबुद्दीन की पुत्री सीमा परवीन ने दर्ज कराए मुकदमे में कहा कि उसकी शादी 25 नवंबर 2024 को आसिफ अली निवासी मूसेपुर थाना खीरी के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज के लिए उसे प्रताड़ित करने लगे। मांग पूरी न होने पर उसे खाने-पीने और पहनने तक में तंग किया जाने लगा।
14 फरवरी 2025 को सभी आरोपियों ने उसे पीटा। इससे गर्भपात हो गया। ससुराल वालों ने तीन बार तलाक दिलवाकर उसे घर से निकाल दिया। पुलिस ने सीमा की तहरीर पर पति आसिफ अली, ससुर वारिस अली, सास शबीना, ननद सना, शीबा और सोनी सहित अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। संवाद