ईसानगर क्षेत्र के गांव बेहड़ का मामला
ईसानगर थाने की खमरिया चौकी क्षेत्र के गांव बेहड़ में मंगलवार को एक नवविवाहिता ने केरोसिन डालकर खुद को आग के हवाले कर दिया। चीख सुनकर पड़ोसियों ने उसे किसी तरह बचाया और मामले की सूचना परिवार वालों को दी। गंभीर रूप से झुलसी महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
बेहड़ गांव निवासी हरिशंकर मिश्रा की शादी 10 जून 2015 को कफारा गांव निवासी रामलोटन की पुत्री 18 वर्षीय प्रियंका से हुई थी। सोमवार को प्रियंका अपने पति के साथ मुंडन संस्कार में शामिल होने मायके कफारा गई थी, जहां से सोमवार को ही बेहड़ गांव लौटी थी। दूसरे दिन मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे प्रियंका घर पर अकेली थी, तो उसने केरोसिन डालकर खुद को आग लगा ली। इसके बाद उसे सीएचसी ले जाया गया, जहां उसने डॉक्टर के सामने बयान देकर खुद को आग लगा लेने की बात बताई। हालांकि कारणों के बारे में अभी रहस्य बना हुआ है। मायके पक्ष की ओर से कोई आरोप नहीं लगाया गया है।