लखीमपुर खीरी। बीएसए कार्यालय के निकट स्थित प्राथमिक विद्यालय महाराजनगर में लगे हैंडपंप में शनिवार को करंट आने लगा। यहां पानी पीने गए कई छात्र करंट की चपेट में आकर झटका लगने से गिर पड़े। हैंडपंप में ही जेट पंप लगा होने से इसमें बिजली का कनेक्शन दिया गया है। करंट नल के हत्थे में प्रवाहित होने लगा।
इससे छात्रों व शिक्षकों में डर का माहौल दिखा। मोहल्ला बहादुरनगर निवासी करुणेश का पुत्र रुद्र कक्षा एक का छात्र है, जिसका एडमिशन बृहस्पतिवार को कराया गया था। शनिवार को वह पानी पीने के लिए हैंडपंप पर गया था, जहां उसने जैसे ही नल छुआ तो उसे जोरदार करंट का झटका लगा और वह जमीन पर गिर गया।
यह देख अन्य छात्र डर गए। शिक्षकों को जानकारी हुई, तो छात्रों को हैंडपंप पर जाने से रोका गया। इससे पहले करीब तीन-चार बच्चे करंट की चपेट में आ चुके थे। बीएसए डॉ लक्ष्मीकांत पांडेय ने बताया कि इसकी सूचना नहीं मिली है। फिर भी मामले की जांच कराकर हैंडपंप को ठीक कराया जाएगा। संवाद