लखीमपुर खीरी। जनपद की सभी मंडी समितियां अपने निश्चित समय पर खुलेंगी। इस दौरान बाहर गांवों से आने वाले किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली से अनाज लाकर बेच सकेंगे। इस बात की जानकारी जिला खाद्य विपणन अधिकारी लालमणि पांडेय ने दी है।
उन्होंने बताया कि शासन ने मंडी समितियों में किसानों के अनाज की खरीद-फरोख्त की अनुमति दी है, क्योंकि कृषि उपज आवश्यक सेवाओं में शामिल है। गेहूं की आवक होने वाली है और एक अप्रैल से सरकारी गेहूं खरीद शुरू होनी है। ऐसी स्थिति में मंडी समितियों में आढ़तियों को अनाज की खरीद करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए आढ़तियों के साथ सभापति/एसडीएम अमरेश कुमार की अगुआई में बैठक करके आवश्यक जानकारी दे दी गई है। इस मौके पर बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी विजय प्रताप सिंह और मंडी सचिव रामबाबू शर्मा समेेत आढ़ती मौजूद रहे। इसके बाद अधिकारियों की टीम ने आटा बनाने वाली मिलों का निरीक्षण किया और कालाबाजारी होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। संवाद