लखीमपुर खीरी जिले में निघासन-ढखेरवा हाईवे पर शनिवार देर रात बाइक की टक्कर से साइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए लखनऊ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
रकेहटी कस्बा निवासी श्यामसुंदर यादव (22 वर्ष) पुत्र रमेश निघासन कस्बे के पलिया रोड स्थित एक दुकान पर काम करते थे। शनिवार देर रात वह दुकान से काम निपटाकर साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान निघासन-ढखेरवा हाईवे पर सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में श्यामसुंदर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल युवक को परिजन इलाज के लिए लखनऊ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों ने बताया कि लखनऊ में ही रविवार शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। सीओ शमशेरबहादुर सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल युवक की लखनऊ ले जाते समय मौत हुई है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।