संघर्ष में घायल गैंडे का इलाज करती पशु चिकित्सकों की टीम। स्त्रोत्- वन विभाग।
बांकेगंज (खीरी)। दुधवा टाइगर रिजर्व के दक्षिण सोनारीपुर रेंज में चल रही गैंडा पुनर्वासन योजना फेज एक में रविवार को दो गैंडों के बीच आपसी संघर्ष हो गया। इसमें नर गैंडा विजय गंभीर रूप से घायल हो गया।
निगरानी टीमों की सूचना पर मौके पर पहुंचे वनाधिकारियों ने पशु चिकित्सकों की टीम की मदद से गैंडे को बेहोश कर उसका इलाज कराया गया। दुधवा नेशनल पार्क के दक्षिण सोनारीपुर रेंज के सौर ऊर्जा चालित बाड़ में स्वछंद विचरण कर रहे नर गैंडा विजय और नकुल के बीच भिड़ंत हुई। इसमें विजय (18) नाम का गैंडा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह देख हाथियों से कॉम्बिंग कर रही निगरानी टीमों ने दोनों को किसी तरह खदेड़कर अलग किया। इसकी सूचना पार्क के अधिकारियों को दी।
मौके पर पशु चिकित्सकों की टीम के साथ पहुंचे डीटीआर के एफडी डॉ. एच राजामोहन और डीडी जगदीश आर ने घायल गैंडे को बेहोश कराकर उसका इलाज कराया। इसके बाद उसे फिर आजाद कर दिया गया। इस हमले में घायल गैंडा विजय के सिर, पैर, पीठ और पेट पर गहरे जख्म हुए हैं।
दुधवा टाइगर रिजर्व के एफडी डॉ. एच राजामोहन ने बताया कि वन कर्मियों की टीम को गैंडों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।