पलिया में इंजन खराब होने के कारण खडी ट्रेन। संवाद
पलियाकलां (खीरी)। मैलानी से बिछिया जा रही यात्री ट्रेन (52260) का शुक्रवार सुबह अतरिया रेल फाटक के पास इंजन खराब हो गया। इससे ट्रेन करीब एक घंटे बीच रास्ते में खड़ी रही और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ट्रेन सुबह करीब सात बजे मैलानी से रवाना हुई थी। राज नारायणपुर, भीरा और पलिया होते हुए बिछिया जा रही थी। अतरिया रेल फाटक से पहले अचानक इंजन ने काम करना बंद कर दिया। ट्रेन रुकने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और रेल पटरी पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्टेशन अधीक्षक रमेश कुमार ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण इंजन की शक्ति खत्म हो गई थी।
स्थिति को देखते हुए मैलानी से दूसरा इंजन मंगवाया गया। उसे पीछे से जोड़कर ट्रेन को पलिया रेलवे स्टेशन तक खींचा गया। वहां रेलवे दल ने खराब इंजन की तकनीकी खामी ठीक की। इसके बाद ट्रेन को बिछिया के लिए रवाना कर दिया गया। इस दौरान यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।