मितौली। ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत दरी नगरा में अधूरे मार्ग और जलभराव की समस्या से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया।
तीन ग्रामीण कीचड़ से भरे रास्ते में करीब छह घंटे लेटे रहे। उन्होंने अधूरे मार्ग का निर्माण पूरा कराने और विकास कार्यों की जांच कराने की मांग की। सुबह करीब आठ बजे सिकंदर शाह के साथ सुनील कुमार मिश्र और बृजेश सिंह कीचड़ से भरे रास्ते पर लेट गए। पास में तिरंगा झंडा भी लगाया। ग्रामीणों ने कहा कि मांगों पर कार्रवाई होने तक भूख हड़ताल और धरना जारी रखेंगे।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि गांव का यह मार्ग काफी समय से अधूरा पड़ा है। निर्माण आधा-अधूरा छोड़ दिए जाने से बारिश में रास्ते पर पानी और कीचड़ भर जाता है। इससे आवागमन में परेशानी होती है।
ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के पांच वर्ष के कार्यकाल में कराए गए विकास कार्यों में अनियमितता का आरोप लगाते हुए सभी कार्यों की जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि गांव की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं होने से लोगों को लगातार परेशानी उठानी पड़ रही है।
बताया जा रहा है कि यह मार्ग लोक निर्माण विभाग से स्वीकृत हो चुका है। इसका निर्माण पीडब्ल्यूडी को कराना है। सूचना पर तहसीलदार मितौली प्रीति सिंह मौके पर पहुंचीं और धरना दे रहे ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने ग्रामीणों की मांगों का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच कराने और पांच दिन के अंदर जांच के आधार पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।