मोबाइल कॉल के जरिए लोगों से ठगी करने का एक और मामला सामने आया है। इसमें ठगों ने निकटवर्ती गांव हरीपुर निवासी शिवदयाल को 2 लाख रुपये इनाम निकलने का लालच देकर बताए गए बैंक एकाउंट नंबर में साढ़े छह हजार रुपये जमा करवा लिए।
निकटवर्ती गांव हरीपुर निवासी शिवदयाल के मोबाइल पर शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे एक कॉल आई, इसमें ठगों ने उससे एक माह पहले नया सिमकार्ड खरीदने की जानकारी हासिल की। शिवदयाल के हां कहने पर ठगों ने उससे कंपनी के नए सिमकार्ड खरीदने पर उसके फोन नंबर पर दो लाख रुपये का इनाम निकलने की बात कही। इसके बाद ठगों ने शिवदयाल से 2 लाख रुपये का इनाम लेने के लिए बताए गए बैंक एकाउंट नंबर में साढ़े छह हजार भेजने की बात कही।
इनाम के लालच में फंसे शिवदयाल ने जैसे-तैसे रुपयों का इंतजाम कर संबधित बैंक खाते में राशि जमा करा दी। बाद में उसे इस बात का एहसास हुआ कि इनाम के लालच में आकर वह ठगी का शिकार हो गया है। इस बात की सूचना उसने पुलिस को दी है।