मैगलगंज में सराफ की दुकान में चोरी के बाद मौका मुआयना करती पुलिस। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। पुलिस से बेखौफ अपराधी पुलिस पर भारी पड़ रहे हैं। इससे चोरी, लूट और डकैती की घटनाएं बढ़ रही हैं। मितौली क्षेत्र में बाइक सवार लुटेरे तमंचे के बल पर युवती से 15 हजार रुपये लूट ले गए तो कसबा मैगलगंज में सराफ की दुकान में नकब लगाकर 56 हजार की नकदी और जेवर चोरी हो गए। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में रोष है।
बैंक से रुपये निकालकर घर जा रही थी युवती
मितौली। थाना क्षेत्र के गांव डलुवापुर निवासी दीक्षा सिंह अपनी मां रजनी सिंह के साथ बृहस्पतिवार को इंडियन बैंक शाखा कस्ता पहुंची। उसने 15000 रुपये खाते से निकाले। रजनी अपने ससुर शिवकुमार सिंह को दवा दिलाने मितौली चली गई। दीक्षा रुपये लेकर साइकिल से नहर के रास्ते घर जा रही थी। कस्ता-डलुवापुर के बीच पीछे से आये दो बाइक सवारों ने दीक्षा को रोक लिया। तमंचे के बल पर रुपयों से भरा झोला लूटकर भाग निकले। लुटेरों के जाने के बाद दीक्षा ने शोर मचाया। जब तक लोग मौके पर पहुंचते और कुछ समझ पाते तब तक लुटेरे भाग निकले। दिनदहाड़े लूट की सूचना से क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना पर एसओ अनिल कुमार सैनी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम भी मौके पर पहुंच गई। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। एसओ अनिल सैनी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
नकब लगाकर सराफ की दुकान से उड़ाई नकदी-चांदी
मैगलगंज। मैगलगंज-लखीमपुर मार्ग पर कसबे के मुख्य चौराहा पर कसबा निवासी जगदीश मिश्रा की सोने-चांदी की दुकान है। उसी में उनकी क्लीनिक भी है। बुधवार की रात चोरों ने दुकान में नकब लगा दी और अंदर घुस गए। चोरों ने दुकान में रखी अलमारी को तोड़ने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। चोर काउंटर में रखे चांदी के आभूषण और पास ही में क्लीनिक की रैक में रखे 56000 रुपये की नकदी लेकर भाग निकले। घटना की जानकारी सुबह तब हुई, जब पुत्र प्रतुल मिश्रा दुकान पहुंचा। शटर खोला तो दुकान की हालत देखकर उसके होश उड़ गए। चोरी की सूचना पर भीड़ लग गई। प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। संवाद
मितौली में महिला से छिनैती के बाद बैंक में सीसीटीवी फुटेज देखते बैंक कर्मी व पुलिस। संवाद- फोटो : LAKHIMPUR