लखीमपुर खीरी। रसोई गैस को लेकर जिले में शुक्रवार को भी एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लगी रहीं। सुबह से ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता सिलिंडर के लिए लाइन में खड़े दिखाई दिए। कई स्थानों पर स्थिति संभालने के लिए पुलिस की मौजूदगी में गैस वितरण कराया गया।
गैस को लेकर बनी अफरा-तफरी की स्थिति को देखते हुए डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने निर्देश दिए कि शनिवार से गैस एजेंसियों पर लेखपालों की ड्यूटी लगाकर उनकी निगरानी में सिलिंडर का वितरण कराया जाएगा। बता दें कि जिले में 83 गैस एजेंसियां हैं।
कई उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार के बाद भी गैस नहीं मिल सकी। एजेंसियों के बाहर बड़ी संख्या में खाली सिलिंडर कतार में रखे दिखाई दिए। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस की अनियमित आपूर्ति के कारण उन्हें बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं।
सुबह से गैस एजेंसी पर लाइन में खड़े हैं, लेकिन अभी तक सिलिंडर नहीं मिला। कई दिन से यही स्थिति बनी हुई है, जिससे काफी परेशानी होती है।
-सर्वेश सोनी, उपभोक्ता
-
घर का सिलिंडर खत्म हो गया है, इसलिए जल्दी गैस लेने आए थे, लेकिन यहां इतनी लंबी लाइन है कि घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। गैस मिलने की कोई पक्की जानकारी भी नहीं मिलती।
-शिवेंद्र कुमार, उपभोक्ता
-
-11 हजार सिलिंडर स्टॉक में हैं-
डीएसओ अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को करीब 13 हजार सिलिंडरों का वितरण किया गया था। शुक्रवार को जिले में 11 हजार सिलिंडर स्टॉक में हैं और जल्द ही और लोड आने वाला है। उन्होंने कहा कि गैस की कोई कमी नहीं है और कालाबाजारी या जमाखोरी रोकने के लिए लगातार चेकिंग की जा रही है।
-
नियमों के अनुसार होगा सिलिंडर का वितरण : डीएम
लखीमपुर खीरी। घरेलू गैस सिलिंडर की आपूर्ति को लेकर डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल और एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने गैस एजेंसी संचालकों, ऑयल कंपनियों के सेल्स ऑफिसरों, फ्यूल स्टेशन मालिकों और रेस्टोरेंट कारोबारियों के साथ शुक्रवार को बैठक की।
बैठक में डीएम ने कहा कि घरेलू सिलिंडर उपलब्ध कराना शीर्ष प्राथमिकता है। जिले में गैस, डीजल-पेट्रोल की कोई कमी नहीं है। यदि कहीं भी जमाखोरी या कालाबाजारी की शिकायत मिली तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को उनकी बुकिंग के अनुसार ही सिलिंडर उपलब्ध कराए जाएं। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को कॉमर्शियल सिलिंडर के बजाय वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों का ही उपयोग करने के निर्देश भी दिए।
एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने गैस एजेंसियों के संचालकों से कहा कि सिलिंडर का वितरण पहले आओ पहले पाओ के आधार पर ही किया जाए। सभी वितरण केंद्रों पर सीसी कैमरे सही तरीके से संचालित हों और उनकी 15 से 30 दिनों तक की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाए। घरेलू गैस सिलिंडर का व्यावसायिक इस्तेमाल किसी भी हाल में न हो, इस पर प्रशासन की विशेष निगरानी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर भी पुलिस की कड़ी नजर है।
एडीएम नरेंद्र बहादुर सिंह ने एजेंसियों को प्रतिष्ठान व गोदामों पर नोटिस चस्पा करने और हेल्पलाइन नंबर सक्रिय रखने के निर्देश दिए। डीएसओ अंजनी कुमार सिंह ने पेट्रोल पंप संचालकों को चेतावनी दी कि इंडेंट समय से जमा करें। पंप ड्राई न होने दें। संवाद
सर्वेश सोनी
सर्वेश सोनी
सर्वेश सोनी