लोहड़ी परंपरागत रूप से हर्षोल्लास के साथ मनाया गई। इस पर्व पर धार्मिक आस्थाओं के साथ युवाओं की मौज मस्ती भी दिखाई दी। शाम को पंजाबी कॉलोनी में सामूहिक लोहड़ी जलाई गई। लोगों ने परिक्रमा की और लोहड़ी में मक्के के दाने, मूंगफली और तिल के लड्डू अर्पित किए। बाद में एक दूसरे को शुभकामनाएं दीं।
नवविवाहित जोड़ों में लोहड़ी को लेकर खास उत्साह दिखाई पड़ा। परंपरागत परिधानों में सजे नवविवाहित जोड़ों ने पंजाबी गीतों पर लोहड़ी के इर्द-गिर्द जमकर नृत्य किया। भांगड़ा और गिद्दा कर युवाओं ने समां बांध दिया। पूरी पंजाबी कॉलोनी पंजाबी गीतों की धुन से गूंजती रही। सामूहिक समारोह के बाद लोगों ने अपने घरों में भी जश्न मनाया और पकवानों का आनंद लिया।
सिख समुदाय के लोगों ने गुरुद्वारों में जाकर मत्था टेका। युवक-युवतियों ने एक दूसरे को लोहड़ी की शुभकामनाएं दीं और तिल के लड्डू और पकवान खिलाए। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा प्रबंधक कमेटी के महासचिव इंद्रपाल सिंह राना ने बताया कि लोहड़ी और होली आपस में बहनें हैं। ये त्योहार होली जैसे ही मस्ती के साथ मनाया जाता है। इस त्योहार के जरिए सिख समुदाय के लोग मस्ती कर बसंत का स्वागत करते हैं।
पलियाकलां। क्षेत्र में धूमधाम से लोहड़ी मनाई गई। परंपरागत ढंग से सिख समाज के लोगों ने मूंगफली, रेवड़ी आदि लोहड़ी में चढ़ाईं। साथ ही परिक्रमा की । इधर निघासन रोड स्थित दून इंटरनेशनल स्कूल में भी धूमधाम से लोहड़ी मनाई गई। बच्चों और शिक्षकों ने लोहड़ी की परिक्रमा कर उसमें मूंगफली और रेवड़ी डालीं।
शहर की निघासन रोड पर स्थित दून इंटरनेशनल स्कूल में चेयरमैन जगत चौधरी ने लकड़ियों के ढेर में आग जलाकर लोहड़ी कार्यक्रम की शुरुआत की। छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने लोहड़ी की परिक्रमा करते हुए मूंगफली, रेवड़ी, रामदाना, लावा आदि अग्नि को समर्पित कीं। साथ ही सभी बच्चों ने नृत्य भी किया। स्कूल के उप प्रधानाचार्य सीपी विलियम्स ने बच्चों को लोहड़ी का महत्व बताया। चेयरमैन श्री चौधरी और प्रधानाचार्य रतन मेहरा ने सभी को बधाई दी। इस दौरान बरप्रीत कौर, मंदीप कौर, मनप्रीत कौर, मनजिंदर कौर, सिमरन शर्मा सहित सभी शिक्षक और बच्चे उपस्थित रहे।
स्त्री सत्संग सेवा समिति ने राहगीरों को चाय पिलाई
लखीमपुर खीरी। स्त्री सत्संग सेवा समिति ने लोहड़ी के मौके पर बुधवार की सुबह सदर चौराहे पर शिविर लगाकर राहगीरों को गर्मागर्म चाय पिलाई। सुबह की ठंड में राहगीरों ने चाय पीकर राहत महसूस की। स्त्री सत्संग सेवा समिति की सदस्यों ने चाय पिलाने के साथ लोहड़ी की शुभ कामनाएं भी दीं।