फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लॉकडाउन का उल्लंघनः बैंकों में उमड़ी भीड़ ने उड़ाए होश

विज्ञापन
विज्ञापन
लखीमपुर खीरी। जिले के विभिन्न बैंकों में सोमवार को उमड़ी भीड़ को नियंत्रित करना टेड़ी खीर साबित हुआ। लोगों को सामाजिक दूरी का पालन करवाने में बैंक प्रबंधन और पुलिस-प्रशासन के पसीने छूट गए। किसी तरह लोगों को नियंत्रित किया गया। अधिकतर खाताधारक गैस उज्जवला योजना के तहत सिलिंडर खरीदने और पेंशन का पैसा निकालने बैंक आए थे।
विज्ञापन

संसारपुर। कस्बा स्थित आर्यावर्त बैंक में सोमवार को खाताधारकों की भारी भीड़ उमड़ी। भीड़ को नियंत्रित करने में बैंक कर्मियों के पसीने छूट गए। शाखा प्रबंधक जल बहादुर सिंह ने कई बार खाताधारकों से सामाजिक दूरी का कड़ाई से पालन करने की अपील की। दूर दूर खड़ा कर लाइन लगवाई। किंतु भीड़ अधिक होने के कारण कई बार नियम टूटे। हालांकि बैंक प्रबंधन ने हाथों को सैनिटाइज करने के बाद ही बैंक में प्रवेश करने दिया।
ममरी। हैदराबाद थाना क्षेत्र की रोशननगर आर्यावर्त बैंक के सामने लॉकडाउन का उल्लंघन कर खड़े खाताधारकों को एसओ हैदराबाद सुनीत कुमार ने फटकार लगाई। सामाजिक दूरी बनाए रखने की हिदायत दी। बैंक प्रबंधक को हैंडवॉश, सैनिटाइजर की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
विज्ञापन

मैलानी। लॉकडाउन के बीच बैंकों और बैंक मित्रों के यहां जमा हो रही भीड़ सामाजिक दूरी के नियमों का पालन नहीं कर रही है। रुपयों की निकासी केे लिए इलाहाबाद बैंक और एसबीआई बैंक मित्रों के यहां भीड़ है। महिलाएं काफी पास-पास बैठकर अपनी बारी आने का इंतजार करती हैं। हालांकि बैंक के अंदर सीमित संख्या में लोगों को बुलाया जाता है, लेकिन बाहर महिलाओं की भारी भीड़ है। ऐसे में वहां मौजूद महिला सिपाही ने दो लाइनें लगवाकर दूरी बनाने की ताकीद भी की, लेकिन अधिकतर महिलाएं लाइनों में काफी नजदीक खड़ी दिखाई दीं। यही हाल बैंक मित्रों के यहां रहा। इस प्रकार यहां सामाजिक दूरी का पालन नहीं किया जा रहा।
बांकेगंज। लॉकडाउन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी जन-धन और उज्ज्वला योजना के तहत बांकेगंज स्थित बैंकों के खातों में पहुंचे रुपयों को निकालने के लिए सोमवार को काफी भीड़ रही। हालांकि अधिकारियों ने सामाजिक दूरी का ख्याल रखते हुए बैंकों के सामने गोले बना रखे हैं। फिर भी रुपये निकालने की होड़ में वहां जमा हुई भीड़ को देख बैंक वालों के हाथ-पांव फूल गए। इस बीच मय दलबल गश्त कर रहे पुलिस चौकी इंचार्ज ने जहां महिलाओं को समझा-बुझाकर हटाया, तो वहीं इकट्ठे खड़े लोगों को फटकार लगाते हुए गोले में खड़े होकर भुगतान लेने की हिदायत दी।
पलियाकलां। लॉकडाउन का पालन कराने तथा सोमवार को बैंक खुलने के बाद उमड़ी भीड़ की निगरानी के लिए सीओ राकेश कुमार नायक दलबल के साथ निकले। बैंकों में लाइन लगाकर कार्य कराने को कहा। कई जगह भीड़भाड़ होने पर वहां जाकर सीओ व पुलिस बल ने भीड़ को खदेड़ा। जिससे अफरातफरी का माहौल बना रहा।
बैंकों में भीड़ न लगे और सामाजिक दूरी का पालन हो। इसके लिए 630 ग्राहक सेवा केंद्रों के बैंकिंग कारस्पोंडेट्स (बीसी) को गांवों में जाकर ग्राहकों को पैसे निकालने की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा डाकघरों में भी आधार कार्ड से पैसा निकालने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। किसी भी बैंक का खाताधारक हो, वह डाकघर से पैसे प्राप्त कर सकता है।
विज्ञापन

- शैलेंद्र कुमार सिंह, डीएम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें