बीस शिकायतों में से तीन का मौके पर निस्तारण
महिला आयोग सदस्य जिला कारागार के महिला बंदीगृह का किया निरीक्षण
माह के पहले बुधवार को आयोजित होने वाली महिला जन सुनवाई के तहत राज्य महिला आयोग की सदस्य आसमां सिद्दीकी ने महिला उत्पीड़न संबंधी शिकायतें सुनीं। जन सुनवाई में कुल 20 शिकायतें आईं। इनमें अधिकतर शिकायतें घरेलू हिंसा और दहेज उत्पीड़न से संबंधित थीं। जन सुनवाई के दौरान दो प्रकरणों को राज्य महिला आयोग को संदर्भित किया गया तथा तीन पारिवारिक मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया।
इस मौके पर डीएम की ओर से नामित एसडीएम मितौली पीके सिंह, एसपी की ओर से नामित सीओ मितौली मिथलेश दीक्षित, जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. प्रियंका अवस्थी, महिला थाना की उपनिरीक्षक अमरावती गुप्ता, काउंसलर कयूम अली जरवानी मौजूद रहे।
बाद में राज्य महिला आयोग की सदस्य आसमां सिद्दीकी ने जिला कारागार पहुंचकर महिला बंदीगृह का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें सारी व्यवस्थाएं चाक चौबंद मिलीं। इस पर उन्होनें जेल अधीक्षक और जेलर की प्रशंसा की और आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
जिला कारागार पहुंचकर उन्होंने महिला बंदीगृह की एक-एक बैरक चेक की। कारागार की महिला बैरक साफ. सुथरी मिलीं। महिला बंदीगृह में स्थापित पेपर रिसाइकिलिंग यूनिट, कंप्यूटर ट्रेनिंग सेंटर, सिलाई कढ़ाई केंद्र और बच्चों के लिए स्थापित स्थान का भी अवलोकन किया। दीवारों पर बनी पेटिंग देखकर उसकी सराहना की। निरीक्षण के दौरान महिला बंदियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए महिला चिकित्सक की तैनाती कराने के लिए आश्वस्त किया।