पलियाकलां। पलिया विद्युत विभाग में तैनात लाइनमैन गोकुल के आत्मदाह के चार दिन बीत जाने के बाद भी मामले में पुलिस के हाथ खाली है। मुकदमा दर्ज होने के बाद निलंबित आरोपियों को वितरण केंद्र गोला से संबद्ध किया गया था। पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देने का दावा किया मगर कोई आरोपी पकड़ा नहीं जा सका। इससे लाइनमैन के परिजन में गुस्सा है। मृतक की पत्नी और बच्चे बराबर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
पलिया हाइडिल में तैनात लाइनमैन गोकुल प्रसाद ने जेई नागेंद्र कुमार पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए खुद को आग लगाकर जान दे दी थी। मृतक गोकुल की पत्नी की नामजद तहरीर पर पुलिस ने आरोपी जेई नागेंद्र कुमार व लाइनमैन जगतपाल के खिलाफ मुकदमा तो दर्ज किया लेकिन दोनों आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
मृतक लाइनमैन की पत्नी राजकुमारी बराबर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रही हैं लेकिन आरोपियों की तलाश में जुटने का दावा करने वाली पुलिस के हाथ अभी भी खाली हैं। सीओ संजय नाथ तिवारी का कहना है कि इस बारे में पुलिस के दोनों आरोपियों के घरों पर छापा मारा जा चुका है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी मोबाइल स्विच ऑफ करके गायब हो गए हैं जैसे उनकी लोकेशन मिलती है तुरंत उनको गिरफ्तार किया जाएगा।