बिजली कटौती का मौजूदा रोस्टर शहर के लोगों के लिए जी का जंजाल बन गया है। ये रोस्टर सुबह और शाम दोनों समय दुखदायी साबित हो रहा है। बुधवार को शहर की डीसी रोड स्थित कांशीराम कॉलोनी में पेयजल की समस्या पैदा हुई तो लोग भड़क गए, उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया। हालांकि बाद में डीएम को पत्र भेजकर लोग शांत हो गए।
शहर में एक पखवाड़े से सुबह पांच बजे से दिन के 11 बजे तक छह घंटे और शाम को तीन बजे से छह बजे तक तीन घंटे की बिजली कटौती हर किसी को रुला रही है। सावन का आध्यात्मिक महीना होने के कारण अधिकतर लोग सुुबह उठकर स्नान आदि करके पूजन अर्चन करते हैं। इसके अलावा कांशीराम कालोनियों में रहने वाले लोग सुबह जल्दी काम पर निकलते हैं उन्हें सुबह पानी की आवश्यकता होती है। इन बस्तियों में पानी के दूसरे बेहतर विकल्प भी नहीं हैं। मात्र दो इंडिया मार्क हैंडपंप हैं भी तो उन पर पानी के लिए मारामारी रहती है। एक सप्ताह से डीसीरोड कॉलोनी स्थित कांशीराम कॉलोनी में पानी की दिक्कत थी। कालोनी वासियों को बताया गया कि पंप का मोटर खराब हो गया है। अब जब पंप सही हुआ तो सुबह कटौती के कारण इन लोगों को सुबह पानी नहीं मिलता है। बुधवार को इस बस्ती के लोगों ने कॉलोनी में प्रदर्शन कर सुबह बिजली कटौती बंद कराने तथा पानी आपूर्ति कराने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में रामनरेश, सुमन, बब्लू, गुडडू और अशोक सहित तमाम लोग शामिल थे। इसके बाद इन लोगों ने एक शिकायती पत्र डीएम को भेजकर समस्या समाधान की मांग की।
पानी की होती है किल्लत
कांशीराम कॉलोनी निवासी निर्मला बताती हैं यहां पानी की किल्लत हमेशा रहती है सुबह बिजली चली जाती है तो पानी नहीं मिलता। इससे सुबह घर के काम नहीं हो पाते हैं। सुबह पानी मिलना चाहिए।
कॉलोनी के लिए अलग हो टंकी
इसी कॉलोनी के निवासी मदनलाल ने बताया कि सबसे बड़ी दिक्कत यह है कि इस कॉलोनी के लिए अलग से टंकी नहीं है। इसी लिए पानी आता भी है तो ऊपर मंजिल के आवासों में नहीं पहुंचता।
हैंडपंप का पानी भी है खराब
इसी कॉलोनी की निवासी गीता बताती हैं कि सुबह बिजली न होने के कारण पानी नहीं आता है और उनके आवास के सामने एक हैंडपंप है भी तो एक तो उस पर मारामारी रहती है दूसरे उसका पानी भी खराब है।
बिजली न आने से ज्यादा दिक्कत कांशीराम कॉलोनी निवासी बाबू खां ने बताया कि सुबह बिजली न होने से पानी नहीं मिलता है इस समय बिजली और पानी की सबसे ज्यादा आवश्यकता होती है। सुबह बिजली और पानी मिलना चाहिए।
रोस्टर के हिसाब से ही होती है कटौती
शहर के विद्युत केंद्र के अवर अभियंता मनोज पुष्कर ने बताया कि कटौती का रोस्टर ऊपर से निर्धारित है। यहां यदि कोई फाल्ट आ जाता है तभी कटौती की जाती है। इसके अलावा कोई कटौती नहीं की जाती है।