ओवरलोडिंग के कारण 132 केवीए ग्रिड की फ्रिक्वेंसी डॉउन होने लगी है। इससे शहर में कई घंटे इमरजेंसी कटौती हुई। वहीं मानसून की पहली बारिश से शहर के तीन उपकेंद्र्रों की व्यवस्था की पोल भी खुल गई। गढ़ी उपकेंद्र्र के दो नंबर फीडर में ब्लास्ट हो गया, छाउछ में 10एमवी ट्रांसफार्मर का केबल बक्सा फुंक गया। वहीं बारिश में नई बस्ती उपकेंद्र्र से जुड़े जेल फीडर पर आए फाल्ट को दिनभर पेट्रोलिंग के बाद भी बिजली कर्मी नहीं ढूंढ पाए। जब भी फीडर पर लोड डालने की कोशिश की गई, फीडर ट्रिप हो गया। इससे जेल फीडर के उपभोक्ताओं को दिन भर बिजली नहीं मिली। इससे लोगों को बिजली के साथ-साथ पानी के लिए भी जूझना पड़ा।
अधिकारियों के मुताबिक 132 केवीए ग्रिड में बिजली सप्लाई के लिए न्यूनतम फ्रिक्वेंसी 49.72 चाहिए, लेकिन बिजली की कमी के कारण फ्रिक्वेंसी 49.50 तक ही आ रही है। बुधवार की सुबह पांच बजे फ्रिक्वेंसी डॉउन होने पर शहरी क्षेत्र की बिजली सप्लाई ठप हो गई। दोपहर 12 बजे बिजली सप्लाई सामान्य हुई, लेकिन एहतियातन एक-एक फीडर की सप्लाई बहाल की जा सकी। बारिश के कारण उपकेंद्रों पर आई खराबी को दुरुस्त कर अन्य मोहल्लों में बिजली दे दी गई, लेकिन नई बस्ती के जेल फीडर और खीरी टाउन की बिजली दिनभर गुल रही। शुरू में जेल फीडर पर पेड़ की डाल टूटकर गिरने की आशंका के चलते पेट्रोलिंग कराकर फाल्ट ढूंढा गया, लेकिन शाम तक फाल्ट का पता नहीं चला। जिसके बाद शाम के समय एसडीओ टाउन और जेई की देखरेख में दोनों फीडरों पर बिजली का लोड डाला गया, लेकिन फीडर बार-बार ट्रिप होने लगा। इससे लोगों को बिजली के साथ ही पानी की समस्या से भी जूझना पड़ा।
एसडीओ टाउन धर्मेंद्र्र आनंद ने बताया कि बारिश के कारण उपकेंद्रों पर
ज्यादा समस्या आई थी, जिसे ठीक करा लिया गया लेकिन जेल फीडर की पेट्रोलिंग
के बावजूद फाल्ट का पता नहीं चल पा रहा था। इससे ज्यादा परेशानी हुई। सबसे
ज्यादा दिक्कत ग्रिड के फ्रिक्वेंसी के डॉउन होने के कारण आ रही है। इससे
इमरजेंसी रोस्टरिंग बढ़ गई है।
इन मोहल्लों में रही सबसे ज्यादा दिक्कत
जेल फीडर की खराबी के चलते सबसे ज्यादा नई बस्ती, आफीसर्स कॉलोनी, नौरंगाबाद, प्यारेपुर, शाहपुरा कोठी, हिदायतनगर, गंगोत्रीनगर, सिकटिहा, सलेमपुर कोन, पुलिस लाइंस, कलक्ट्रेट, कारागार सहित कई जगहों पर बिजली नहीं आई।
40एमवीए के ट्रांसफार्मर में दिक्कत बढ़ी
132 केवीए छाउछ उपकेंद्र में टाउन के शहरी और आसपास के कस्बों को बिजली सप्लाई देने के लिए 40 एमवीए का ट्रांसफार्मर रखा है। पिछले दो दिनों से यह ट्रांसफार्मर बार-बार ट्रिप कर रहा है। इससे बिजली सप्लाई काफी प्रभावित हो रही है। अधिकारियों की लापरवाही के कारण हाल-फिलहाल ट्रांसफार्मर के ठीक होने की उम्मीद कम ही दिख रही है।