लखीमपुर खीरी। बारिश के बाद खाद की मांग बढ़ते ही निजी उर्वरक विक्रेताओं की मनमानी सामने आने लगी है। जांच में अनियमितताएं मिलने पर जिला कृषि अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने जनपद के 12 उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए।
जांच में कहीं स्टॉक गड़बड़ी मिली तो कहीं टैगिंग का मामला सामने आया। जिला कृषि अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि बारिश के बाद यूरिया की मांग बढ़ने पर निजी विक्रेताओं की शिकायतें मिलने लगी थीं। इसके बाद एडीओ कृषि से जांच कराई गई। जांच में 12 विक्रेताओं के यहां अनियमितताएं पाई गईं।
उन्होंने बताया कि कुछ जगह स्टॉक में गड़बड़ी मिली, जबकि कुछ विक्रेता टैगिंग करते पाए गए। टैगिंग का मतलब खाद के साथ जबरन दूसरी सामग्री बेचना है। जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से जरूरत के अनुसार ही खाद खरीदने की अपील की। उन्होंने बताया कि एक हेक्टेयर जमीन पर सात बोरी यूरिया और पांच बोरी डीएपी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि जिले में खाद की कोई कमी नहीं है। वर्तमान में यूरिया 20172 मीट्रिक टन, डीएपी 5361 मीट्रिक टन, एनपीके 16605 मीट्रिक टन, एमओपी 1440 मीट्रिक टन और एसएसपी 18260 मीट्रिक टन उपलब्ध है।
इन विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित
जिला कृषि अधिकारी के अनुसार किसान खाद भंडार मालपुर ब्लॉक बिजुआ, खालसा ट्रेडर्स बिजुआ, जुआरी फार्म हब लिमिटेड बिजुआ, सहज खाद भंडार कोरैया मुफरत बेहजम, गुप्ता खाद भंडार पटिहन नयागांव पलिया, कृष्णा ट्रेडिंग कंपनी ढखेरवा चौराहा रमियाबेहड़, इरफान ट्रेडिंग कंपनी बेहननपुरवा रमियाबेहड़, अशफाक ट्रेडिंग कंपनी बौधीखुर्द मोहम्मदी, कृषक सेवा केंद्र खमरिया ईसानगर, किसान सेवा सहकारी समिति लिमिटेड सैदापुर फूलबेहड़, पाल खाद भंडार बम्हनपुर निघासन और किसान ट्रेडिंग कंपनी खमरिया ब्लॉक ईसानगर के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
-
जिला मुख्यालय पर कंट्रोल रूम स्थापित
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि किसानों की मदद के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम बनाया गया है। किसान 7570088259 और 7839882212 नंबर पर संपर्क कर मदद ले सकते हैं। समितियों के लिए 7007918909 नंबर जारी किया गया है।