राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान के समय में फेरबदल किया है। अब मतदान सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम 4.30 पर ही समाप्त हो जाएगा। पहले मतदान सुबह सात बजे से लेकर शाम पांच बजे तक कराया जाता था।
जिला निर्वाचन अधिकारी को भेजे पत्र में आयोग के विशेष कार्याधिकारी जय प्रकाश सिंह ने कहा है कि मतदान प्रक्रिया के दौरान शाम चार बजे तक जो भी मतदाता वोट डालने के लिए लाइन में खड़ा हो गया है, उसका वोट हर हाल में डलवाया जाएगा। यह कदम सर्दी को देखते हुए उठाया गया है। ताकि मतदान की प्रक्रिया आसानी से निपट सके। मतदान के समय में फेरबदल के बाबत आयोग निर्वाचन कार्यालय को पत्र भेजकर यह निर्देश दिया है कि आयोग के इस निर्णय से आरओ-एआरओ के साथ-साथ सभी पीठासीन अधिकारियों को भी अवगत करा दिया जाए। ताकि पुरानी समयावधि यानि सुबह सात बजे से लेकर शाम पांच बजे तक की प्रक्रिया न दोहराई जा सके।
बाएं हाथ की मध्यमा में लगेगी अमिट स्याही
हाल ही में संपन्न जिला और क्षेत्र पंचायत के चुनाव में मतदाताओं को बाएं हाथ की तर्जनी उंगली में अमिट स्याही लगाई गई है, जो अभी भी लोगों के हाथों में लगी है। आयोग ने प्रधानी चुनाव में भ्रम की स्थिति से बचने के लिए बाएं हाथ की मध्यमा उंगली में अमिट स्याही लगाने का निर्देश दिया है। जिन बूथों पर पुनर्मतदान होगा, वहां दाहिने हाथ की तर्जनी उंगली में अमिट स्याही लगाई जाएगी।
कर्मचारी प्रशिक्षित
28 नवंबर को प्रथम चरण में मोहम्मदी, पसगवां, मितौली और बेहजम ब्लाक में होने वाले मतदान के लिए रविवार को राजापुर मंडी में कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया। जिला प्रशिक्षण अधिकारी ओपी राय ने उन्हें मतदान का समय आधा घंटा कम होने और बाएं हाथ की मध्यमा उंगली में अमिट स्याही लगाने की जानकारी दी। रविवार को मंडी में 800 कर्मचारियों ने प्रशिक्षण लिया। जिसमें पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम और द्वितीय शामिल थे। कर्मचारियों को जिला और क्षेत्र पंचायत के चुनाव के दौरान बरती गई सावधानियों के साथ-साथ दो अहम बदलावों का ध्यान देने का निर्देश दिया गया। बता दें कि मंडी परिसर में कर्मचारियों को प्रथम चरण और द्वितीय चरण के लिए प्रशिक्षण दिया जाना है। कर्मचारियों को यह प्रशिक्षिण सोमवार को भी दिया जाएगा।