लखीमपुर खीरी। नकहा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सकेथू में गन्ने की छिलाई कर रही महिला पर वन्यजीव के हमले की घटना के बाद से क्षेत्र के लोगों में दहशत है।
जंगल से दूर आबादी क्षेत्र में वन्यजीव के हमले से वन विभाग में भी खलबली है। शुक्रवार को वन विभाग ने आसपास मिले पगचिह्नों के आधार पर स्पष्ट किया है कि हमला करने वाला तेंदुआ था।
अभी तक आबादी वाले उन इलाकों में वन्यजीवों के हमले की घटनाएं ही प्रकाश में आई थीं, जहां आसपास ही सघन वन क्षेत्र हो। लेकिन शहर से 20 किमी के दायरे के भीतर पड़ने वाले क्षेत्र सकेथू में हुई इस घटना से दहशत बढ़ गई है।
डीएफओ साउथ खीरी संजय विस्वाल का कहना है कि माैके पर जो पगचिह्न मिले हैं, उनसे तेंदुए की पुष्टि हुई है। जंगलों में बाघों की संख्या बढ़ी है। इससे तेंदुए जंगल से बाहर का रुख कर रहे हैं। सकेथू से कुछ दूरी पर जंगल है, वहीं से तेंदुआ आया है। डीएफओ ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए गांव के पास दो पिंजरे लगाए गए हैं।
उधर, तेंदुए के हमले में घायल नकहा चौकी क्षेत्र के गांव सकेथू निवासी मुन्नी देवी की लखनऊ में सर्जरी की गई है। अब उनके स्वास्थ्य में सुधार बताया जा रहा है।