खुद निगरानी करने लगे ग्रामीण। संवाद
धौरहरा। वन रेंज के गांव धूसाखुर्द घोसियाना में बुधवार रात तेंदुआ एक घर में घुस गया। वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों संग मिलकर कांबिंग की। हालांकि तेंदुआ पकड़ में नहीं आया।
धौरहरा वन रेंज के धूसाखुर्द घोसियाना गांव में बुधवार रात तेंदुआ रामकुमार के घर में घुस गया। ग्रामीणों के शोर-शराबा करने और मशाल जलाने पर तेंदुआ खेतों की तरफ भाग गया। भयभीत ग्रामीण रातभर जाग कर लाठी-डंडे लेकर गांव में पहरेदारी करते रहे। ग्रामीणों ने सूचना वन विभाग को भी दी। वन विभाग की टीम ने मौके पर गांव पहुंचकर ग्रामीणों संग कांबिंग की।
बता दें कि गांव निवासी सद्दाम अली (18) पुत्र सहजाद 15 दिन से लापता है। ग्रामीणों के मुताबिक, तेंदुए ने उसका शिकार किया है। हालांकि शव बरामद न होने से वन विभाग घटना को पूरी तरह नकार रहा है। गांव में तेंदुए के आने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। क्षेत्रीय वनाधिकारी नृपेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि तेंदुए की सूचना पर टीम गांव गई थी। गांव में तेंदुए की चहलकदमी है। ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा है। टीम भी निगरानी कर रही है।