तेंदुए के हमले में घायल गया प्रसाद। संवाद
पलियाकलां। ग्राम बुद्धापुरवा में गन्ने के खेत में छिपे तेंदुए ने बुजुर्ग पर हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने तेंदुए को खदेड़ दिया। घायल की हालत गंभीर बनी हुई है।
परिजनों के अनुसार, गया प्रसाद (70) घर से शौच के लिए खेतों की ओर गए थे। घर से करीब 100 मीटर दूर गन्ने के खेत में छिपे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया। चीख सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने तेंदुए को भगाकर गन्ने के खेत होते हुए जंगल की ओर खदेड़ दिया।
परिजन और ग्रामीण घायल गया प्रसाद को पलिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
ग्रामीणों ने मझगई रेंज के रेंजर अंकित कुमार सिंह को सूचना दी। उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर रही है। विभाग की ओर से घायल ग्रामीण को नियमानुसार सरकारी मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया की जाएगी।
-
इटकुटी गांव के पास दिखाई दिया तेंदुआ
बिजुआ। भीरा वन रेंज के इटकुटी गांव के पास शुक्रवार रात तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने तेंदुए का वीडियो बनाया, जो वायरल हो रहा है। उनका कहना है कि पिछले कुछ दिनों से तेंदुआ लगातार आबादी के आसपास देखा जा रहा है। खेतों और घरों के पास उसकी मौजूदगी से महिलाएं और बच्चे भयभीत हैं। ग्रामीणों ने पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने और रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
रेंजर रमाकांत सक्सेना ने बताया कि तेंदुआ दिखाई देने की सूचना मिली है। वन विभाग की टीम मौके पर भेजी गई है। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। संवाद