मितौली। अवैध खनन मामले में संलिप्तता मिलने पर एसडीएम विनीत उपाध्याय ने आरोपी लेखपाल को निलंबित कर दिया है। नायब तहसीलदार को पूरे प्रकरण की जांच सौंप दी गई है।
मितौली तहसील के सेमराघाट क्षेत्र में शुक्रवार को अवैध बालू खनन कर बालू से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली और जेसीबी को पकड़े जाने की सूचना क्षेत्रीय लेखपाल सरोज कुमार ने खनन इंस्पेक्टर को दूरभाष से दी। खनन इंस्पेक्टर ने बालू से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को स्थानीय थाने पर ले जाने के लिए निर्देशित किया। इस मामले में मैगलगंज पुलिस भी मौके पर पहुंची थी, लेकिन मैगलगंज पुलिस ने खनन अधिकारी को अवगत कराया कि क्षेत्रीय लेखपाल के संरक्षण में पकड़ी गई ट्रैक्टर-ट्रॉली एवं जेसीबी को संबंधित थाने में न लाकर मौके पर ही छोड़ दिया है।
खनन इंस्पेक्टर ने अवैध खनन में लेखपाल की संलिप्तता होने की रिपोर्ट एसडीएम मितौली को भेजी। एसडीएम मितौली ने कार्रवाई करते हुए क्षेत्रीय लेखपाल सरोज कुमार को निलंबित कर दिया है और पूरे प्रकरण की जांच के लिए नायब तहसीलदार अखिलेश कुमार मौर्या को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।
एसडीएम मितौली विनीत कुमार उपाध्याय ने बताया कि अवैध खनन मामले में खनन इंस्पेक्टर की रिपोर्ट पर क्षेत्रीय लेखपाल सरोज कुमार को निलंबित किया गया है। मामले की जांच नायब तहसीलदार को सौंप दी गई है।