लखीमपुर खीरी। फरवरी में यूपी बोर्ड परीक्षाएं होनी है। परीक्षा को लेकर होने वाले आवेदनों में नाम सहित अन्य संशोधन के लिए अंतिम तिथि तय की गई है। 12 नवंबर तक यह संशोधन किया जा सकेगा। इस बार होने वाली परीक्षा में करीब एक लाख से अधिक छात्र-छात्राओं के शामिल हो सकते हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इसके बाद संशोधन का कोई विकल्प नहीं मिलेगा।
परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र-छात्राएं आवेदन कर चुके हैं। यूपी बोर्ड की परीक्षा फरवरी में संपन्न कराए जाने की बात कही जा रही है। इस बार परीक्षा में करीब एक लाख छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। कई बार देखा गया है कि भरे गए फार्म और प्रवेश पत्र सहित मार्कशीट पर नाम, जन्मतिथि और माता-पिता के नाम पर नाम त्रुटियां हो जाती हैं। इन्हीं कमियों को दूर करने के लिए अब अंतिम मौका दिया गया है।
इन त्रुटियों को सुधरवाने के लिए पहले छात्र-छात्राओं और अभिभावकों प्रयागराज के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब इस समस्या से निजात मिल चुकी है। छात्रों के विवरण की जांच में त्रुटि मिलने पर प्रधानाचार्य वेबसाइट पर लॉग इन कर निर्धारित समय में संशोधन कर सकेंगे। यूपी बोर्ड ने छात्रों को त्रुटियां में सुधार के लिए 25 अक्तूबर से 12 नवंबर की रात 12 बजे तक अंतिम मौका प्रदान किया है।
डीआईओएस डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि छात्र-छात्राओं की करीब आठ त्रुटियों को स्कूल स्तर से ही सुधारा जा सकता है। वहीं तीन गलतियों को डीआईओएस स्तर पर सुधारा जाएगा।