लालपुर स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम। संवाद
लखीमपुर खीरी। गोला रोड स्थित लालपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम का नवीनीकरण अगले दो माह में पूरा होने की उम्मीद है। करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहे परिसर में अब फिनिशिंग का काम कराया जाएगा।
बारिश के दौरान मैदान में जलभराव से निर्माण प्रभावित हुआ था। मौसम सामान्य होने के बाद काम तेजी से पूरा कराने की तैयारी है। इसके बाद स्टेडियम सभी खिलाड़ियों के लिए खोल दिया जाएगा।
स्टेडियम में बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, फुटबॉल, क्रिकेट और टेबल टेनिस के लिए मैदान व कोर्ट तैयार किए गए हैं। इसके अलावा बहुउद्देश्यीय क्रीड़ा हॉल और स्विमिंग पूल बनाया जा रहा है। खिलाड़ियों के लिए स्टोर रूम, शौचालय, वॉशरूम और चेंजिंग रूम की सुविधा भी विकसित की गई है। पूरे परिसर में हाई मास्ट सहित अन्य लाइटें लगाई गई हैं।
उप क्रीड़ा अधिकारी मो. इफरान ने बताया कि खेल निदेशालय की ओर से जल्द इनडोर जिम भी बनाया जाएगा। इसके लिए शासन से करीब एक करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित है। जिम में आधुनिक मशीनें लगाई जाएंगी। स्टेडियम तैयार होने पर खिलाड़ियों को एक ही परिसर में कई खेलों के अभ्यास की सुविधा मिलेगी।