मैलानी। नव आमान परिवर्तित लखनऊ-पीलीभीत रेलखंड पर चलने वाली लालकुआं-वाराणसी सिटी समर स्पेशल अब हर सोमवार को जिले में पहुंचेगी। वहीं वाराणसी सिटी-लालकुआं ट्रेन हर बुधवार को जिले में पहुंचेगी। यह दोनों ट्रेनें कल यानी 29 अप्रैल से चलेंगी।
लखनऊ-पीलीभीत खंड पर यात्रियों की असुविधा को देखते हुए रेलवे ने लालकुआं-हावड़ा-लालकुआं, लालकुआं-वाराणसी सिटी-लालकुआं केे बीच समर स्पेशल साप्ताहिक और रामनगर-ऐशबाग-रामनगर के बीच द्विसाप्ताहिक ट्रेन चलाने की सूचना जारी की गई थी। इनमें से लालकुआं-हावड़ा व रामनगर-ऐशबाग के लिए ट्रेनें चलना शुरू हो गई हैं। लालकुआं-वाराणसी सिटी का संचालन कल यानी 29 अप्रैल से 24 जून तक नौ फेरों के लिए होगा।
ट्रेन लालकुआं से प्रत्येक सोमवार दोपहर तीन बजे चलकर, इज्जतनगर, भोजीपुरा, पीलीभीत होते हुए रात आठ बजकर दस मिनट पर मैलानी पहुंचेगी। यह ट्रेन गोला गोकर्णनाथ से आठ बजकर सैंतालिस मिनट, लखीमपुर से नौ बजकर इक्कीस मिनट पर छूटकर सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, देवरिया सदर होते हुए दूसरे दिन सुबह दस बजे वाराणसी सिटी पहुंचेगी।
इस ट्रेन का संचालन 30 अप्रैल से 25 जून तक होगा। वापसी में यह ट्रेन वाराणसी सिटी से प्रत्येक मंगलवार दोपहर सवा दो बजे छूटकर बुधवार को लखीमपुर पहुंचेगी। यहां से दोपहर एक बजकर बारह मिनट पर छूटकर, एक बजकर चालीस मिनट पर गोला और दो बजकर पांच मिनट पर मैलानी से छूटेगी।