पसगवां। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बरखैरियाजाट में गुरुवार रात चोरों ने सराफ सहित दो दुकानों के ताले तोड़कर नकदी सहित लाखों का माल चुरा लिया। सुबह जानकारी मिलने पर दुकान मालिक ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक ने घटना की जांचपड़ताल की और जल्द खुलासे का आश्वासन दिया।
पसगवां निवासी करुणा शंकर सोनी की बरखैरियाजाट में सराफ की दुकान है। गुरुवार रात चोर शटर का ताला तोड़कर गोलक में रखे तीन हजार रुपये, आठ ग्राम सोना और आधा किलो चांदी निकाल ले गए। दुकान मालिक ने बताया चोर लगभग डेढ़ लाख का माल ले गए। चोरों ने इन्हीं के पड़ोसी मुनेश कुमार की दुकान के भी ताले तोड़कर परचून और प्लास्टिक का सामान चुरा लिया। मुनेश ने बताया कि चोर लगभग ढाई लाख रुपये का सामान चुरा ले गए । शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी पर पहुंचे दुकानदारों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक आदर्श कुमार सिंह ने जांच पड़ताल की और घटना का जल्द ही खुलासा करने का आश्वासन दिया। पुलिस ने दुकान मालिकों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि घटना की जांच होने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
मोहम्मदी में भी सेंध लगाकर चोरी
मोहम्मदी। कोतवाली क्षेत्र के गांव वीरपुर स्थित एक घर में चोर सेंध लगाकर करीब डेढ़ लाख का माल चुरा ले गए।
वीरपुर के करमवीर यादव ने रेेहरिया पुलिस चौकी में तहरीर देकर बताया कि 16 जुलाई की रात चोरों ने उसके मकान की दीवार में सेंध लगाई फिर कमरे में रखी गेहूं रखने वाली लोहे की डेहरिया की कुंडी तोड़ कर उसमें रखा माल, जेवर चुरा ले गए, चोरों ने जेवर के अलावा घर का अन्य सामान बाहर फेंक दिया। तहरीर के मुताबिक एक जोड़ी झुमकी, एक अंगूठी, एक सोने का हार, जंजीर सहित करीब डेढ़ लाख का माल चोरी हुआ हैं। चौकी पुलिस ने घटना स्थल का मुआयना किया। जल्द ही चोरी के खुलासा करने का आश्वासन दिया। संवाद
महिला समेत तीन के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज
बांकेगंज। कुकरा पुलिस चौकी अंतर्गत थाना मैलानी पुलिस ने एक महिला समेत तीन लोगों को खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच करने में जुटी है।
कुकरा कस्बा निवासी अयूब खां ने पुलिस को दी गई तहरीर में गांव निवासी महिला समेत तीन लोगों पर ट्रैक्टर का हैरो और प्लाट में रखे खोखे में रखा सामान गायब करने का आरोप लगाया है। इंस्पेक्टर मैलानी अशोक कुमार यादव ने बताया कि वादी की तहरीर पर कुकरा निवासी आसमा बानो, शमसुद्दीन, कमरुद्दीन और फखरुद्दीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। संवाद
ज्वैलर्स की दुकान से उड़ाई पायल
गोला गोकर्णनाथ। शुक्रवार दोपहर खुटार रोड स्थित विश्वनाथ राजपूत की चारू श्री ज्वैलर्स की दुकान पर जाकर दो महिलाओं ने पायल दिखाने को कहा। महिलाओं ने कई जोड़ी पायल देखीं। बाद में डिजाइन पसंद न आने का बहाना बनाकर चलीं गईं। उनके जाने के बाद दुकानदार ने जब मिलान किया तब पता चला कि महिलाएं 100 ग्राम वजन की एक जोड़ी पायल चोरी कर ले गई हैं। जिसकी कीमत 5500 रुपये बताई गई है। चोरी के फुटेज सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं। दुकान स्वामी ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर कोतवाली में दे दी है। संवाद
कुर्मिनपुरवा में घर से नकदी समेत हजारों की चोरी
निघासन। थाना क्षेत्र के गांव कुर्मिनपुरवा के एक घर में चोर छत के सहारे घुस गए। घर में रखे 17,500 रुपये और जेवर सहित 50 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए।
गांव कुर्मिनपुरवा निवासी विकास पटेल ने बताया कि गुरुवार की रात घर के सभी लोग खाना खा-पीकर आंगन में सो गए। सुबह आंख खुलने पर उसने अपना कमरा खुला देखा। जब कमरे में गया तो देखा उसमें रखा सामान तितर बितर पड़ा था। आलमारी खुली पड़ी थी। उसमें रखे 17,500 रुपये, एक जोड़ी पायल, कीमती कपड़ों सहित 50 हजार रुपये का सामान गायब था। मकान मालिक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। प्रभारी निरीक्षक दिलेश कुमार सिंह ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद
गुलरिया के भी एक घर में चोरी
गुलरिया। भीरा थाना क्षेत्र के ग्राम बोझवा में गुरुवार की रात चोरों ने घर में घुसकर नकदी समेत हजारों का सामन चोरी कर लिया।
बोझवा निवासी रामचंद्र के छप्परनुमा घर में घुसकर चोरों ने एक नई साइकिल, एक मोबाइल, एक एलईडी, एक क्विंटल धान और घर में रखे पांच हजार रुपये चोरी कर लिए। कच्ची दीवारों से बने घर में दरवाजे नहीं लगे हैं। चोरों ने इसी का फायदा उठाते हुए घटना को अंजाम दिया। गृहस्वामी ने चोरी की तहरीर थाना भीरा में दे दी है। अब तक मौके पर जांच के लिए कोई पुलिसकर्मी नहीं पहुंचा है। संवाद