भरिगवां में चोरों ने बिखेरा सामान।
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। दो स्थानों से चोर लाखों का सामान चोरी कर ले गए। मोहल्ला महाराजनगर निवासी सुनील कुमार मिश्रा का स्टील वर्क्स के नाम से मोहल्ले में ही कारखाना है। सुनील कुमार मिश्र ने बताया कि मंगलवार की शाम कारखाना बंद कर वह घर चले आए। सुबह जब कारखाना खोलने पहुंचे तो ऑफिस के दरवाजे का ताला और काउंटर की दराज टूटी थी। उसमें रखे 1400 रुपये की नकदी और करीब पांच हजार रुपये के औजार गायब थे। उन्होंने घटना की तहरीर सदर कोतवाली पुलिस को दी है।
संसारपुर। भरिगवां निवासी रामनरेश यादव ने बताया कि मंगलवार की रात वह परिवार के साथ सो रहे थे। रात में किसी समय चोरों ने मकान के पीछे दीवार में नकब लगा दी और घर में घुस आए। चोर पुत्री ममता देवी के सोने के जेवर, कुंडल, एक पेंडल, एक जोड़ी सोने के झाले, सोने की जंजीर, सोने की नथनी, अंगूठी, फूल और 20 हजार रुपये लेकर भाग गए। जाने से पहले चोरों ने दीवार की निकाली गईं ईंटें फिर उसी स्थान पर लगा दीं। सुबह जब परिवार वाले सो कर उठे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। कमरे में बिखरा सामान देख उनके होश उड़ गए। पीड़ित ने तहरीर थाना मैलानी पुलिस को दी है। पुलिस छानबीन में जुट गई है, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। संवाद