उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अंतर्गत खेली गई अंडर 16 प्रतियोगिता में लखीमपुर जोन ने अपने पूल में लखनऊ और बरेली जैसे महानगरों की टीमों को हराकर विजय प्राप्त की। यह प्रतियोगिता लखनऊ के चौक स्टेडियम में खेली गई। यह जानकारी उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सदस्य एवं लखीमपुर क्रिकेट संघ के सचिव अभिषेक शुक्ला ने दी।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने इस वर्ष प्रदेश के 74 जिलों को बांटकर 19 नये जोन बनाए थे, जिसमें लखीमपुर खीरी को भी पहली बार जोन बनाया गया था। लखीमपुर मंडल में सीतापुर, हरदोई, बहराइच, श्रावस्ती सहित लखीमपुर खीरी जिला शामिल किया गया था। इन 19 मंडल को पांच ग्रुप ए, बी, सी, डी, ई, में बांटकर अंडर-16 प्रतियोगिता आयोजित की गई। लखीमपुर खीरी जोन सी ग्रुप में रखा गया था, जिसमें लखनऊ और बरेली जैसी सशक्त टीम शामिल थीं। पूल सी के चौक स्टेडियम में एक मई को खेले गए पहले मैच में लखीमपुर मंडल ने बरेली मंडल को 25 रन से हराकर विजय हासिल की। मैच में लखीमपुर मंडल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। मध्यम क्रम के बल्लेबाज अमन अली और मोहित जांगड़ा ने क्रमश: 33 और 52 रन बनाए। वहीं निचले क्रम में प्रशांत श्रीवास्तव के 34 रन की साहसी पारी की बदौलत लखीमपुर मंडल ने 40 ओवर में 167 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में बरेली मंडल की टीम मात्र 149 रन पर सिमट गई। लखीमपुर खीरी जोन की तरफ से मोहित जांगड़ा ने चार विकेट भी लिए। अच्छे प्रदर्शन के लिए मोहित जांगड़ा को मैन आफ द मैच चुना गया। दूसरा मैच तीन मई को खेला गया, जिसमें लखनऊ जोन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय किया। लखीमपुर जोन की गेंदबाजी के आगे लखनऊ जोन की टीम मात्र 68 रन पर ही सिमट गई। लखीमपुर जोन के ध्रुव शर्मा ने शानदार गेंदबाजी कर 20 रन देकर पांच विकेट झटके। जवाब में लखीमपुर जोन की टीम ने मात्र पांच विकेट खोकर ही लक्ष्य हासिल कर लिया। ध्रुव शर्मा को मैन आफ द मैच चुना गया। यहां खास बात यह है कि लखीमपुर खीरी ने उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित किसी भी प्रतियोगिता में राजधानी लखनऊ की टीम को पहली बार पराजित किया है।