टूर्नामेंट में शॉट लगाकर रन लेते लखीमपुर टीम के खिलाड़ी। संवाद
फरधान। गांव के खेल मैदान में चल रहे नाइट टूर्नामेंट में लखीमपुर की टीम ने फरधान की टीम को 11 रनों से हराकर फाइनल मैच में जगह पक्की कर ली। जय किशन को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
टूर्नामेंट के 13वें दिन पहला सेमीफाइनल मैच लखीमपुर और फरधान चौराहा टीम के बीच हुआ। इसमें लखीमपुर टीम के कप्तान अंशुल कुमार ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का निर्णय लिया। लखीमपुर की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में आठ विकेट खोकर 73 रन बनाए। लखीमपुर टीम के हिमांशू ने 24, जय किशन ने 16 रनों का योगदान दिया। अन्य कोई भी खिलाड़ी दहाई का अंक भी हासिल नहीं कर सका। फरधान चौराहा की टीम की तरफ से बाॅलिंग करते हुए अखिल सिंह, एमडी शुक्ला, मनप्रीत कुमार और शुभम मिश्रा ने दो-दो विकेट झटके।
74 रन के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए उतरी फरधान चौराहा टीम की बैटिंग बहुत ही कमजोर रही। 12वें ओवर में टीम 63 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। लखीमपुर की टीम के जय किशन को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। इस मौके पर आयोजक रिंकू वर्मा, बिरला वर्मा, मनजीत कुमार, शत्रोहन लाल और ओमप्रकाश समेत गांव के सैकड़ों क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।