खीरी टाउन में लगी वाहनों की लंबी लाइन। संवाद
लखीमपुर खीरी। सीतापुर के हरगांव में रेलवे के ओवरब्रिज निर्माण के चलते बृहस्पतिवार को क्राॅसिंग बंद कर दी गई। क्राॅसिंग बंद होने के चलते रूट डायवर्ट किया गया है। एक बेहजम-कस्ता, जबकि दूसरा खीरी टाउन-लगुचा का रूट तय किया गया।
रूट डायवर्जन होने से लखीमपुर-सीतापुर की 50 किलोमीटर की दूरी अब 80 किलोमीटर हो गई। ऐसे में लोगों को सीतापुर या लखनऊ पहुंचने के लिए एक घंटे का अतिरिक्त समय खर्च करना पड़ा। अच्छी बात यह है कि फिलहाल रोडवेज ने अभी तक किराया नहीं बढ़ाया, जिससे कुछ राहत है। इधर, खीरी टाउन में बृहस्पतिवार दोपहर बाद से रुक-रुक कर जाम लगता रहा।
हरगांव में रेलवे क्राॅसिंग बंद होने से लखीमपुर से सीतापुर की ओर जाने वाले वाहन एलआरपी चौराो से छाउछ चौराहा होते हुए बेहजम-कस्ता चौराहे से सीतापुर जा रहे हैं। जबकि बहराइच-सिसैया से आने वाले वाहन राजापुर चौराहे से खीरी कस्बा, लगुचा, लहरपुर होते हुए निकाले गए।
पहले दिन बृहस्पतिवार को बेहजम रूट तो सामान्य रहा, लेकिन खीरी टाउन रूट सबसे ज्यादा व्यस्त नजर आया। सबसे बुरा हाल खीरी टाउन कस्बे के अंदर का रहा। खीरी टाउन में दोपहर बाद से देर शाम तक जाम की स्थिति रही।
खीरी टाउन में लगी वाहनों की लंबी लाइन। संवाद