मोबाइल चोरी में खजुरिया चौकी में हिरासत में लिए गए पेड़िया फार्म कमलापुर के राहुल (16) की पिटाई से मौत मामले में परिजनों ने हंगामा किया। खजुरिया-पलिया मार्ग पर जाम लगाए परिजन और ग्रामीणों ने लाठी-डंडों के साथ करीब एक किलोमीटर तक आरोपी दोनों सिपाहियों को दौड़ा लिया। दोनों ने एक घर में घुसकर अपनी जान बचाई। ग्रामीण इस पर भी नहीं रुके और घर में भी घुसने की कोशिश की।
इस बीच गृहस्वामी और घर की महिलाओं ने दोनों सिपाहियों को बचाया। वहीं देर शाम एसपी संजीव सुमन ने खजुरिया चौकी इंचार्ज विपिन कुमार, सिपाही सचिन और महेंद्र को सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही राहुल की मां सीता देवी की तहरीर पर पुलिस ने चाचा राम बहादुर और गांव के ही राजबीर पर मुकदमा दर्ज किया है। हालांकि मृतक के पिता लक्षीराम की आरोपी तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ दी गई तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।
पेड़िया फार्म कमलापुर के लक्षीराम के पुत्र राहुल (16) को पुलिस ने 19 जनवरी को मोबाइल चोरी के आरोप में हिरासत में लिया था। मामले में 19 जनवरी को मृतक के चाचा राम बहादुर की तरफ से खजुरिया चौकी पर तहरीर दी गई थी। आरोप है कि हिरासत में पुलिसकर्मियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की और बाद में उसे छोड़ दिया। किशोर की तबियत बिगड़ने पर रविवार को अस्पताल ले जाया गया तो उसकी मौत हो गई। पुलिस पर पिटाई का आरोप लगाते हुए राहुल के परिजन समेत तमाम ग्रामीणों ने सुबह नौ बजे खजुरिया-पलिया मार्ग पर जाम लगा दिया। इस बीच दोपहर में पुलिस बल के साथ दोनों आरोपी सिपाही सचिन व महेंद्र पहुंचे तो उन्हें देखते ही वहां पर मौजूद युवक आक्रोशित हो गए।
तहरीर में किया खेल, पुलिस कर्मियों पर दर्ज नहीं की रिपोर्ट
संपूर्णानगर। मृतक की माता सीता देवी ने खजुरिया चौकी के पुलिसकर्मियों पर बेटे राहुल को पीटने एवं अपने देवर राम बहादुर पर पुलिस से पिटवाने व गांव के ही राजवीर उर्फ बिल्ला पर पुलिस को पैसे देने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। आरोप है कि आरोपी पुलिसकर्मियों का नाम हटा दिया गया और मृतक के चाचा व गांव के युवक पर पीटने का आरोप लगाते हुए हालात बिगड़ते देख मुकदमा लिख दिया। जबकि मृतक की माता व बहन का कहना है कि पुलिस मोबाइल चोरी की तहरीर पर ही चौकी ले गई थी। संवाद
17 जनवरी को मृतक के चाचा ने मोबाइल चोरी का आरोप लगाया था। 19 को किशोर और उसके चाचा को चौकी बुलाया गया, जहां उनके बीच लिखित समझौता हो गया। इसके बाद किशोर घर चला गया। रविवार सुबह मृतक की मां ने तहरीर देकर चाचा और गांव के अन्य लोगों पर किशोर को पीटने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। 20 जनवरी को किशोर को रात में अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन ने पुलिस की पिटाई से मौत का आरोप लगाया है। पहले और अब की तहरीर के आधार पर विवेचना जारी है। - संजीव सुमन, एसपी