लखीमपुर खीरी। रेलवे क्रॉसिंग पर मरम्मत कार्य के चलते शुक्रवार को लखीमपुर-गोला मार्ग 10 घंटों के लिए बंद रहेगा। हाईवे पर सुबह नौ बजे से शाम सात बजे तक वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी।
पूर्वोत्तर रेलवे लखीमपुर ने सूचना जारी कर बताया कि लखीमपुर-गोला मार्ग (एनएच-730) स्थित रेलवे ट्रैक के समपार सं. 155/स्पेशल किमी. 165/14-15 पर शुक्रवार को जरूरी मरम्मत कार्य किया जाएगा। इस कारण सड़क मार्ग पर यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।
रेलवे के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (पथ) ने इसको लेकर जिला प्रशासन को पत्र लिखा है। पत्र में बताया कि इस ट्रैक की पैकिंग एवं आवश्यक मरम्मत कार्य किया जाना है, ताकि ट्रेनों की गति और सुरक्षा बनी रहे।
मरम्मत के दौरान कोई भी वाहन इस मार्ग से नहीं गुजर सकेगा। यात्रियों की सुरक्षा व सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए यातायात को अन्य वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ा जाएगा।
हाईवे बंद होने से वाहनों को अब लंबा फेर लगाना होगा। अब 10 घंटे यह वाहन मनिकापुर चौराहा से सिकंदराबाद होते हुए निकाले जाएंगे।