गन्ना सहकारी समिति भीरा पर खराब पड़ी टंकी। संवाद
भीरा। गन्ना सहकारी समिति में बुनियादी सुविधाओं की बदहाली से किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है। गन्ना संबंधी कामों के लिए समिति आने वाले किसानों को परिसर में पीने का पानी और शौचालय की सुविधा नहीं मिल पा रही है। परिसर में लगा नल और कार्यालय के पीछे लगा सरकारी नल खराब है। पानी की टंकी भी काम नहीं कर रही है।
नलों के आसपास गंदगी फैली हुई है। किसानों की सुविधा के लिए बने शौचालय पर भी ताला लटक रहा है। किसानों का कहना है कि समिति में रोजाना बड़ी संख्या में लोग आते हैं, लेकिन पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त नहीं हैं। उन्होंने खराब नलों और टंकी को ठीक कराने, नियमित सफाई कराने और शौचालय खुलवाने की मांग की है।
गन्ना सहकारी समिति के सचिव दिनेश चंद्र ने बताया कि परिसर में दो-तीन शौचालय बने हैं। कार्यालय के सामने बना शौचालय स्टाफ के लिए है। कुछ लोग उसमें गंदगी कर देते थे, इसलिए ताला लगा दिया गया। उन्होंने बताया कि किसानों के पीने के पानी के लिए आरओ लगाया गया है। परिसर की सफाई के लिए निजी कर्मचारी भी नियुक्त है। संवाद
गन्ना सहकारी समिति भीरा पर खराब पड़ी टंकी। संवाद