क्रिकेट मैच खेलते हुए खिलाड़ी। स्रोत : आयोजक
लखीमपुर खीरी। रॉयल फूड्स डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित अंडर-16 स्वर्गीय अमिय त्रिपाठी मेमोरियल इंटर अकादमी लीग क्रिकेट प्रतियोगिता में शुक्रवार को ला माटीना स्कूल और जेनेसिस स्पोर्ट्स अकादमी के बीच मुकाबला खेला गया। प्रतियोगिता का आयोजन जिला क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से किया जा रहा है।
मैच में ला माटीना स्कूल अकादमी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जेनेसिस स्पोर्ट्स अकादमी की टीम 19.4 ओवर में 88 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से कार्तिक अग्रवाल ने सर्वाधिक 32 रन बनाए, जबकि पुष्कर गुप्ता 20 रन बनाकर नाबाद रहे। ला माटीना की ओर से शिखर सिंह और समर्थ ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ला माटीना स्कूल की टीम ने 12.3 ओवर में तीन विकेट खोकर 90 रन बनाते हुए मुकाबला जीत लिया। टीम की ओर से अथर्व ने 31 रन और आराध्य ने 25 रन की नाबाद पारी खेली। जेनेसिस स्पोर्ट्स की ओर से गेंदबाजी में कार्तिक ने दो विकेट हासिल किए।
शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए शिखर सिंह को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। मैच के दौरान अभिषेक शुक्ला, नरेंद्र शुक्ला, अनुपम त्रिपाठी, रश्मि त्रिपाठी, पारिजात त्रिपाठी, रामजी कश्यप, मालिक इरफान, नीरज शुक्ला, श्याम मोहन श्रीवास्तव, रवि शंकर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।