मैलानी थाना क्षेत्र के गांव कुकरा में आग से 47 जबकि खरेहटा में एक दर्जन घर जल गए। कुकरा के कई घरों में काफी घरेलू सामान जल गया, यहां आग से लाखों का नुकसान हुआ है।
कस्बा कुकरा निवासी राजू शाह के घर से लड़के की बारात दोपहर में निकल चुकी थी। उसके बाद घर में बचे लोग चाय बना रहे थे। उसी समय अचानक छप्पर में आग लग गई। तेज हवा के चलते आग ने 47 घरों को अपने आगोश में ले लिया, जिसमें बाबून शाह, लियाकत शाह, शराफत शाह, इरफान शाह, बुद्धा खां, छिद्दन खां, छुट्टू खां, मजहर, सकील खां, जलीश खां, लल्लू खां, मनकू अंसारी, मुन्नी, जब्बाद अंसारी, शमसाद अंसारी, जुमरातन, तकदीरन, इरसाद अंसारी, हनीफ अंसारी, शाबिर अली, इरफान अली, अहसान, इकलाख, असफाक, मैनुद्दीन अंसारी, मुन्ना अंसारी, रौनक शाह आदि के घर जल गए। आग से लाखों का नुकसान हुआ है। तहसीलदार अभिमन्यु वर्मा ने मौके का जायजा लेकर पीड़ितों को अहेतुक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।
दूसरे अग्निकांड में मैलानी थाना क्षेत्र के गांव खरेहटा में एक दर्जन से भी अधिक घर जल गए। यहां रामप्रताप, परसराम, मंगूलाल, अशोक कुमार, सत्यपाल वर्मा, दिलदार हुसैन, रामसागर, राजेश सिंह, राम सिंह, ब्रजेश सिंह, बब्बन सिंह, राजेंद्र यादव आदि के घरों में रखा अनाज, नकदी के अलावा गृहस्थी का सारा सामान जल गया। भाजपा कार्यकर्ता अनिल वर्मा ने इसकी सूचना गोला फायर ब्रिगेड सहित स्थानीय पुलिस को दी। ग्रामीणों की मदद से आग को बमुश्किल बुझाया गया।
दर्जनों परिवार बेघर
खरेहटा गांव में आग लगने के बाद दर्जनों परिवार बेघर हो गए हैं। उनके पास तन पर कपड़े के सिवा कुछ नहीं बचा है।
स्पार्किंग से दो एकड़ गन्ना जला
अजान। विकास खंड कुंभी के गांव किर्तापुर में बिजली स्पार्किंग से दो एकड़ गन्ना जल गया है। किर्तापुर निवासी जेजेराम वर्मा के रोड स्थित खेत में बिजली के खंभे पर लगे जंफर में स्पार्किंग होने लगी जिससे उनका दो एकड़ गन्ना जल गया है। ग्रामीणों ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
आग से घर जला, मवेशी जले, लाखों का नुकसान
ममरी। हैदराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम बुधेली नानकार में दिन में दूध की बरोसी से आग लगने से रामकुमार का घर जल गया, जिसमें एक भैंस की मौत हो गई और दो भैंसें झुलस गईं।
बुधेली नानकार में रामकुमार के घर आग लगने से घर में रखे 27 हजार रुपए नकद, गृहस्थी का सारा सामान जल गया। आग से एक भैंस की मौत हो गई जबकि दो अन्य भैंसें झुलस गईं।