लखीमपुर खीरी। जिले की करीब 45 लाख आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के सरकारी दावे अस्पतालों की बदहाल जांच व्यवस्था के आगे बेअसर साबित हो रहे हैं। कहीं मशीनें खराब हैं तो कहीं जांच के लिए जरूरी रीजेंट और उपकरण उपलब्ध नहीं हैं।
मेडिकल कॉलेज से लेकर सीएचसी तक यही स्थिति है। नतीजतन मरीजों को जांच के लिए निजी पैथोलॉजी सेंटरों का रुख करना पड़ रहा है और अपनी जेब से रकम खर्च करनी पड़ रही है।
मेडिकल कॉलेज के अधीन संचालित जिला अस्पताल में प्रतिदिन करीब 1200 से 1500 मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। इनमें 20 से 25 गंभीर मरीजों को एमआरआई और 30 से 40 को सीटी स्कैन की जरूरत पड़ती है। इसके बावजूद जिला अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन नहीं है। मशीन लगाने के लिए बोर्ड जरूर लगा है।
एमआरआई की सुविधा भी जिले में शुरू नहीं हो सकी है। ऐसे में मरीजों को निजी केंद्रों पर सीटी स्कैन के लिए 2500 से 3000 रुपये और एमआरआई के लिए करीब 6500 रुपये से खर्च करने पड़ रहे हैं। कई मरीजों को जांच के लिए 135 किलोमीटर दूर लखनऊ जाना पड़ता है।
निघासन सीएचसी में पत्नी को दिखाने आए थे। चिकित्सक ने अल्ट्रासाउंड कराने के लिए कहा, लेकिन अस्पताल में सुविधा नहीं मिली। बाहर पैथोलॉजी सेंटर पर 800 रुपये देकर जांच करानी पड़ी।
-झब्बूलाल, पोखरी, निघासन
-
जिला अस्पताल में एमआरआई और सीटी स्कैन की सुविधा नहीं होने से परेशानी होती है। बाहर जांच कराने पर काफी खर्च आता है। लखनऊ जाने में अतिरिक्त खर्च के साथ समय भी बर्बाद होता है।
-ऋषि शुक्ला, एकता नगर, ओयल
मेरी दस वर्षीय भतीजी नूर बी छत से गिरकर घायल हो गई। उसके सिर में चोट आई है। चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देखते हुए सीटी स्कैन कराने के लिए कहा है। जिला अस्पताल में सुविधा नहीं होने से बाहर जांच करानी पड़ेगी।
-निजामुद्दीन, जमुनिया, खीरी
निघासन : सीबीसी मशीन खराब, बायोकेमेस्ट्री मशीन भी नहीं
सीएचसी में सीबीसी मशीन 24 अक्तूबर से खराब है। तीन नवंबर को इंजीनियर ने जांच के बाद एक पार्ट खराब होने की जानकारी दी थी। नया पार्ट मंगवाने की बात कही गई, लेकिन अब तक मशीन ठीक नहीं हुई। बायोकेमेस्ट्री मशीन भी उपलब्ध नहीं है। इससे एलएफटी, केएफटी और लिपिड प्रोफाइल जांच नहीं हो पा रही हैं। अल्ट्रासाउंड और ईसीजी की सुविधा भी नहीं है। प्रतिदिन 10 से 15 मरीजों को इन जांचों के लिए निजी केंद्रों पर जाना पड़ता है।
-
मोहम्मदी और गोला : कहीं मशीन तो कहीं रेडियोलॉजिस्ट नहीं
मोहम्मदी सीएचसी में अल्ट्रासाउंड मशीन है, लेकिन रेडियोलॉजिस्ट नहीं है। गोला और बिजुआ सीएचसी में अल्ट्रासाउंड की सुविधा ही नहीं है। इससे मरीजों और गर्भवतियों को निजी पैथोलॉजी सेंटरों का सहारा लेना पड़ रहा है।
पसगवां : तीन माह से रीजेंट का इंतजार
सीएचसी में करीब तीन माह से सीबीसी मशीन का रीजेंट उपलब्ध नहीं है। इससे जांच ठप है। एक्सरे की सुविधा बिजली रहने पर ही मिलती है। पीएचसी जंगबहादुरगंज में भी सीबीसी मशीन काम नहीं कर रही है।
खमरिया : बिजली गई तो एक्स-रे बंद
सीएचसी में एक्सरे की सुविधा बिजली पर निर्भर है। बिजली जाते ही जांच ठप हो जाती है। अल्ट्रासाउंड के लिए मरीजों को जिला मुख्यालय जाना पड़ता है।
-
फूलबेहड़ : मशीन खराब, मरीज जिला अस्पताल रेफर
सीएचसी में सप्ताह में तीन दिन एक्सरे होता है। मशीन में खराबी के कारण केएफटी, एलएफटी और लिपिड प्रोफाइल की जांच नहीं हो पा रही है। प्रतिदिन एक-दो मरीजों को जांच के लिए जिला अस्पताल ओयल भेजा जा रहा है।
मितौली : 15 दिन से एक्स-रे मशीन खराब
सीएचसी की एक्सरे मशीन करीब 15 दिनों से खराब है। मरीजों को निजी केंद्रों या जिला अस्पताल जाना पड़ रहा है। यहां अल्ट्रासाउंड की सुविधा भी नहीं है।
-
मेडिकल कॉलेज की नई इमारत में बिजली का काम चल रहा है। काम पूरा होते ही सीटी स्कैन की सुविधा मिलने लगेगी। एमआरआई मशीन के लिए शासन से मांग की जा चुकी है।
डॉ. वाणी गुप्ता, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज
-
किसी सीएचसी पर कोई सेवाएं बाधित नहीं है। अगर कहीं कोई दिक्कत है, तो उनको दिखवाकर तत्काल समाधान कराया जाएगा। कुछ जगह रीजेंट की कमी है, तो उसके लिए डिमांड भेजकर जल्द ही व्यवस्था कराई जाएगी।
-डाॅ. संतोष गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी
खमरिया सीएचसी का बंद एक्स-रे कक्ष। संवाद
खमरिया सीएचसी का बंद एक्स-रे कक्ष। संवाद