कोटेदार की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, जांच शुरू
बिजुआ। ब्लॉक बिजुआ की कोटेदार शिल्पी और उनके पति विनोद कुमार ने गांव के दबंगों पर जबरदस्ती खाद्यान्न मांगने, न देने पर मारपीट, गाली-गलौज करने और ई-पॉस मशीन तोड़ने और तमंचा निकालकर जान से मार डालने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है।
कोटेदार शिल्पी के पति विनोद कुमार का कहना है कि गांव के सतीश सिंह, अतीश सिंह, सुंदर सिंह, हिमांशु सिंह, ग्राम प्रधान तेजपाल सिंह के भतीजे हैं। यह लोग प्रधानी का चुनाव होने के बाद से लगातार परेशान कर रहे हैं। हर महीने पात्रता से ज्यादा राशन तथा नकद पैसों की नाजायज तरीक़े से मांग करते हैं। मंगलवार की शाम यह चारों लोग घर आए और अतिरिक्त राशन और पैसे देने के लिए दबाव बनाने लगे। असमर्थता जताने पर गाली गलौज की। हॉकी लेकर मारने दौडे़ और जान से मार डालने के लिए तमंचा निकाल लिया। ई-पॉस मशीन भी तोड़ डाली।
कोटेदार शिल्पी ने चारों लोगों के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी है। ग्राम प्रधान तेजपाल सिंह का कहना है कि कोटेदार शराब पीकर खाद्यान्न वितरण करता है। लाभार्थी दौड़ते-दौड़ते परेशान हो जाते हैं। लड़के खाद्यान्न लेने गए थे, काफी देर तक टालमटोल करने पर विवाद हो गया।
पुलिस का कहना है कि तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। पूर्ति निरीक्षक गोला विनय कुमार पांडेय ने बताया कि कोटेदार शिल्पी ई-पॉस मशीन लेकर आई हैं। मशीन बिल्कुल टूट गई है। नई मशीन दिलाई जाएगी।