गोला गोकर्णनाथ। कृषि उत्पादन मंडी समिति में किसान संगठनों के महापंचायत के एलान के बाद शनिवार को पुलिस प्रशासन सुबह से ही सतर्क रहा, जिससे देर शाम तक मंडी समिति छावनी में तब्दील रही। उधर मोहम्मदी कोतवाली के लखहा गुरुद्वारे में किसानों ने सभा कर डाली। इस दौरान नेशनल शूटर पूनम पंडित ने विचार रखे और 26 को दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया।
मंडी समिति में किसानों की पंचायत न हो सके इसके लिए कई जिलों का पुलिस बल और पीएसी मौके पर लगाई गई थी। सुबह से लेकर देर शाम तक मंडी समिति में एडीएम अरुण कुमार सिंह, एएसपी अरुण कुमार सिंह समेत कई अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहा तो चीनी मिल गेस्ट हाउस में किसान नेताओं के साथ डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह और एसपी विजय ढुल देर शाम तक वार्ता करते रहे। इसके विपरीत किसान आंदोलन से जुड़ीं नेशनल शूटर पूनम पंडित ने लखहा गुरुद्वारा जाकर किसानों की सभा को संबोधित किया और 26 जनवरी को किसानों से दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया।
बताया गया कि पूनम पंडित को किसान महापंचायत में ही आना था, लेकिन अनुमति न मिलने की वजह से उन्होंने लखहा गुरुद्वारे में किसानों को संबोधित किया।
-
शाम साढ़े पांच बजे गुरुद्वारा पहुंची पूनम पंडित
रेहरिया। बंडा में पूनम पंडित ने सलवार सूट में सभा को संबोधित किया लेकिन प्रशासन की सख्ती के कारण वह गोला नहीं पहुंच पाईं, फिर भी उन्होंने प्रशासन को चकमा देने के लिए गाड़ी बदली और साड़ी पहनकर शाम साढ़े पांच बजे कोतवाली मोहम्मदी क्षेत्र के लखहा गुरुद्वारा पहुंचकर सभा को संबोधित किया। इस मौके पर ज्ञान सिंह, सुरेंद्र सिंह, सुखदेव सिंह, काला सिंह, गुरदीप सिंह, ज्ञानी बलजिंदर सिंह, करमजीत सिंह, कुलदीप सिंह, गुरुप्रीत सिंह आदि मौजूद रहे।
-
किसान नेताओं से शुक्रवार को ही बात हो गई थी। कोरोना टीकाकरण अभियान की वजह से उन्हें महापंचायत की अनुमति नहीं दी गई थी। वहीं, किसान नेताओं ने भी किसानों से पंचायत टालने की अपील की थी। पूनम पंडित ने गुरुद्वारा जाकर दर्शन किए हैं। किसी को धार्मिक स्थल पर जाने से नहीं रोका जा सकता।
-शैलेंद्र कुमार सिंह, डीएम