पीलीभीत जिले का किशोर नहर में नहाते समय डूबा नहर
नहर में नहाने के दौरान डूबे पीलीभीत जिले के किशोर का शव बुधवार सवेरे आठ बजे बांकेगंज के निकट खीरी ब्रांच नहर में उतराता मिला। पीलीभीत जिले पुलिस के साथ आए किशोर के परिवारीजनों ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से किशोर का शव पानी से बाहर निकाला।
पीलीभीत जिले के थाना सेहरामऊ उत्तरी अंतर्गत केसरियापुर गांव निवासी प्रमोद कुमार का 16 वर्षीय पुत्र सुरेंद्र कुमार 15 मई को गांव के निकट खीरी ब्रांच नहर में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह डूब गया। परिवारीजनों को जब उसके नहर में डूबने की जानकारी हुई तो उन्होंने इसकी सूचना थाने में देकर पुत्र के शव को खोजने के लिए खीरी ब्रांच नहर पटरी पर निकले। काफी प्रयास के बाद परिवारीजनों को किशोर का शव नहर पानी में उतराता नहीं दिखाई दिया। नहर को दोनों छोर पर पुत्र के शव को खोजते परिवारीजनों को बुधवार सवेरे आठ बजे के लगभग मैलानी रेंज की जटपुरा बीट के कंपार्टमेंट सात के सामने खीरी ब्रांच नहर की झाल में उसका शव उतराता दिखाई दिया। परिवारीजनों और थाना सेहरामऊ उत्तरी पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकाला। मौके पर मौजूद थाना सेहरामऊ उत्तरी के एसआई विजय वीर सिंह ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से शव को कब्जे में लेकर रवाना हो गए।