फरधान। कस्बा भदूरा में युवा छत्रपति क्रिकेट क्लब की तरफ आयोजित सीजन थ्री टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में दबंग नीमगांव ने एसआरएच मढ़िया को आठ विकेट से हरा दिया। कपिल कुमार की शानदार बल्लेबाजी जीत की बड़ी वजह बनी।
रिमझिम खेल मैदान में मंगलवार को टूर्नामेंट का उद्घाटन कमेटी अध्यक्ष परमेश्वरदीन राज और प्रबंधक पतिराखन सिंह ने किया। मैच में दबंग नीमगांव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। एसआरएच मढ़िया की टीम निर्धारित 12 ओवर में आठ विकेट पर 100 रन ही बना सकी।
नीमगांव की ओर से दानिश ने तीन विकेट लिए। मुकेश और साहिल ने दो-दो विकेट, जबकि अनूप ने एक विकेट हासिल किया। 101 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीमगांव की शुरुआत खराब रही और एक ओपनर शून्य पर आउट हो गया। इसके बाद साहिल और कपिल कुमार ने पारी संभाली। कपिल कुमार ने नौ छक्के और दो चौकों की मदद से 72 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी बल्लेबाजी की बदौलत नीमगांव ने आठ ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कपिल कुमार को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।