गौरीफंटा। कोतवाली पुलिस ने नेपाल बॉर्डर के जंगल मार्ग से तस्करी कर नेपाल ले जाई जा रही कपड़ों की खेप बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक नेपाली महिला को पकड़ लिया, जबकि उसकी अन्य सहयोगी महिलाएं जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गईं।
गौरीफंटा कोतवाल जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि सोमवार देर शाम उपनिरीक्षक प्रमीत कुमार पुलिस टीम के साथ एसएसबी चौकी से करीब 500 मीटर दूर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान कुछ महिलाएं सामान लेकर अवैध जंगल मार्ग से जाती दिखाई दीं। पुलिस के रुकने का इशारा करने पर कुछ महिलाएं सामान छोड़कर नेपाल सीमा की ओर भाग गईं।
पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से पांच कट्टों के साथ एक नेपाली महिला को पकड़ लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम बिशना पत्नी लोकराज भट्ट निवासी वार्ड नंबर-1, अतरिया गोदावरी जिला कैलाली, नेपाल बताया।
तलाशी के दौरान कट्टों से 159 लेडीज सूट पीस, 11 साड़ियां और 12 फ्रॉक बरामद हुईं। बरामद कपड़ों की अनुमानित कीमत करीब 95 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने बरामद माल सीज कर आरोपी महिला समेत पलिया कस्टम विभाग को सौंप दिया।