भगवान शिव की प्रिय नगरी छोटी काशी के पौराणिक शिव मंदिर पर दूसरे सोमवार को शिव भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। कड़ी सुरक्षा के बीच दोहरी लाइन में लगकर श्रद्धालुओं को अपने आराध्य के दर्शनों के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा।
प्राचीन शिव मंदिर के द्वार भोर से पहले खोल दिए गए। श्रद्धालुओं ने गोकर्ण तीर्थ में स्नान कर हाथों में भांग, बेलपत्र, धतूरा, पुष्प, धूप, दीप, भोग आदि पूजन सामग्री लेकर भगवान शिव का जयघोष करते हुए शिव दर्शन करने के लिए सुरक्षाबलों द्वारा बनाई गई पंक्तियों में लग गए। जहां घंटों इंतजार के बाद शिव भक्तों ने भोलेनाथ के दर्शन कर धन्य हुए। दूसरे सोमवार को लाखों शिव भक्तों ने पौराणिक शिव मंदिर में जलाभिषेक किया। उमड़े शिव भक्तों का अपने आराध्य के दर्शन करने का जोश देखते ही बन रहा था। अपार भीड़ के चलते सुविधापूर्वक दर्शन कराने में लगे सुरक्षाकर्मियों मशक्कत करनी पड़ी। नगर के प्रमुख मार्गों और शिव मंदिर परिसर पर अतिक्रमण होने के कारण मेलार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
----------
छोटी काशी में लहराई धर्म पताकाएं
सावन के दूसरे सोमवार की पूर्व संध्या से ही आस पास के जनपदों से गंगाजल और सरयू जल लेकर आए कांवड़ियों की भगवा टोली के बम बम भोले, हर हर महादेव के जयकारों से नगर की सड़कें गूंज उठी, जिनमें अपने आाध्य के दर्शन को लेकर अपार जोश देखा जा रहा था। कांवड़ियों की भगवा टोलियों और धर्म पताकाओं से भोले बाबा की प्रिय नगरी भी भगवा रंग में रंगी मालूम हो रही थी।
--------
सुरक्षा की थी कड़ी व्यवस्था
सावन के दूसरे सोमवार को अपार भीड़ के चलते प्रशासन ने नगर में सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की थी। कांवड़ियों और शिव भक्तों के वाहनों को नगर की सीमा पर ही रोक लिया गया था, भारी वाहनों को नगर में लाने पर पूरा प्रतिबंध लगा रहा। सुरक्षा व्यवस्था में प्रशासन ने कई थानों की पुलिस और पीएसी बल तैनात कर रखा था। सावन मेला कार्यालय से माइक द्वारा श्रद्धालुओं को सचेत करने के लिए लगातार निर्देश दिए जा रहे थे।
-------
पाकेटमारों ने कड़ी सुरक्षा और कैमरों को दिखाया ठेंगा
सावन मेला की अपार भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रखने के लिए मंदिर परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा और लगे कैमरे लोगों की निगरानी करते रहे। इन सबके बावजूद मंदिर परिसर में गिरहकट और उचक्के सक्रिय रहे।
सुबह सात बजे लखनऊ के बख्सी का तालाब निवासी उदयवीर सिंह की पत्नी शकुंतला देवी शिव दर्शन कर लखनऊ जाने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंची। जहां ट्रेन पर चढ़ते समय उचक्का कान की बालियां नोच कर फरार हो गया। इसके अलावा उचक्कों ने कई श्रद्धालुओं और मेलार्थियों की जेबें और बैग साफ किए जिनकी दिन भर चर्चा होती रही।
-------
मदरसे पर नहीं चला डीएम का आदेश
डीएम के निर्देश पर जिला प्रशासन ने सावन के प्रत्येक सोमवार को भारी भीड़ के चलते सुरक्षा के दृष्टिकोण से कक्षा एक से इंटर तक के नगर के स्कूल बंद रखने का आदेश किया था। इसका दूसरे ही सोमवार को कम प्रभाव दिखा और मदरसा इस्लामियां जूनियर हाईस्कूल सहित कई विद्यालय खुुले रहे।