मत्स्य विकास निगम के अध्यक्ष और जिले में साइकिल यात्रा के प्रभारी राजपाल कश्यप ने प्रदेश सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र सरकार प्रदेश के विकास में रोड़ा अटका रही है। प्रदेशवासियों के ड्रीम प्रोजेक्ट मेट्रो में बाधा उत्पन्न करने की कोशिश की। केंद्र के मदद न करने के कारण सूखा और बाढ़ प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों ने भाजपा को 75 सांसद देकर आधा हिंदुस्तान दे दिया। लेकिन अब भी अच्छे दिन नहीं आ रहे हैं। कालाधन वापस लाने का दावा खोखला साबित हुआ है। प्रभारी ने कहा कि विधानसभा चुनाव में सपा, भाजपा को बुरे दिन दिखाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में डेढ़ से दो लाख कार्यकताओं को साइकिल यात्रा में शामिल करने का लक्ष्य है। प्रत्येक विधानसभा में रोजाना दो से ढाई हजार कार्यकर्ता साइकिल चलाकर प्रदेश सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने भूमि विकास बैंक का किसानों का कर्जा माफ किया। किसान दुर्घटना बीमा की राशि एक लाख से बढ़ाकर पांच लाख रुपये किया। उन्होंने बताया कि जिले में 11 अगस्त को साइकिल यात्रा समाप्त की जाएगी और 12 अगस्त को प्रमोद पैलेस में सेक्टर और बूथ कार्यकर्ताओं के साथ सम्मेलन कर समापन किया जाएगा। इस दौरान सपा नेता मुन्ना यादव, चंदन लाल वाल्मीकि आदि मौजूद रहे।