मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड देते हुए आयोजक कौशल किशोर। संवाद
फरधान। कस्बा भदूरा में युवा छत्रपति क्रिकेट क्लब सीजन-तीन के दूसरे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में ककरहा टीम ने कासिमपुर को आठ विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली।
रिमझिम खेल मैदान में बुधवार को खेले गए मुकाबले में ककरहा टीम के कप्तान धर्मवीर यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। पहले बल्लेबाजी करते हुए कासिमपुर की टीम 12 ओवर में नौ विकेट पर 103 रन ही बना सकी।
कासिमपुर की ओर से अंश ने 36, माही ने 14 और अभिनव ने 10 रन बनाए। अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। 104 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ककरहा टीम को ओपनर शीबू और शहीद ने तेज शुरुआत दिलाई। शीबू ने पांच छक्कों और एक चौके की मदद से 42 रन बनाए, जबकि शहीद ने चार छक्कों और दो चौकों की मदद से 41 रन की पारी खेली।
ककरहा टीम ने छह ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कासिमपुर की ओर से आयुष और मतीन को एक-एक विकेट मिला। ककरहा टीम के शहीद को 41 रन और दो शानदार कैच के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।