पलियाकलां। सोमवार रात करीब नौ बजे एक मगरमच्छ पलिया थाने में घुस गया। उसे देखकर पुलिस कर्मियों में अफरातफरी मच गई। वन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले वह थाने के गेट से रेंगता हुआ शौचालय में जाकर बैठ गया। बाद में टीम ने किसी तरह मगरमच्छ को काबू में किया। इसके बाद मगरमच्छ को शारदा नदी में छोड़ दिया गया। इस बीच मगरमच्छ देखने के लिए लोगों की भीड़ लग रही।
मगरमच्छ पर सबसे पहले नजर थाने के सिपाही हरेंद्र कुमार की पड़ी। थाना से बाहर जाते वक्त गेट के पास सिपाही ने मगरमच्छ देखा तो शोर मचाया। पता चलते ही इंस्पेक्टर विद्याशंकर शुक्ला व चौकी इंचार्ज अरविंद राय वहां आए।
इन लोगों ने पहले मगरमच्छ को खुद निकलवाने की कोशिश की, मगर कामयाबी नहीं मिली। उल्टा मगरमच्छ रेंगते हुए थाने के गेट के पास ही बने एक शौचालय में घुस गया। थाने में मगरमच्छ घुसने की बात पता चलते ही उसे देखने के लिए काफी लोग आ गए।
इस बीच मगरमच्छ के बारे में वन विभाग को सूचना दी गई। इस पर वन दरोगा बिजेंद्र सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और मगरमच्छ को किसी तरह पकड़कर काबू में किया। इसके बाद टीम थाने से करीब चार किलोमीटर दूर शारदा नदी ले गई और वहां पानी में छोड़ दिया है।