- बाहर से दवाएं लिखकर मरीज के साथ हो रहा खिलवाड़
- स्टाफ नर्स ने सीएमओ से लेकर डीएम तक की शिकायत
- फिजीशियन ने कहा, आरोप निराधार, स्टाफ नर्स कर रही मनमानी
जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. आरएस मधौरिया और स्टाफ नर्स छंदा पांडे के बीच जंग छिड़ गई है। डॉ. मधौरिया ने स्टाफ नर्स को मेडिकल वार्ड से हटाने की मांग कर दी है, जबकि नर्स ने सीएमओ से लेकर डीएम तक को सोमवार को प्रार्थनापत्र देकर डॉ. मधौरिया पर राउंड के दौरान उन्हें (स्टाफ नर्स) साथ न लेने और बाहर से महंगी दवाएं लिखकर मरीजों के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। साथ ही बाहर से दवाएं लिखने को डॉक्टर का गोरखधंधा बताते हुए स्टाफ नर्स ने इस पर रोक लगाए जाने की मांग की है।
जिला अस्पताल की स्टाफ नर्स छंदा पांडे ने डीएम और सीएमओ को प्रार्थनापत्र देकर बताया है कि रविवार की रात वह मेडिकल वार्ड में ड्यूटी पर थीं। 9.40 बजे डा. माधौरिया राउंड करने आए और सीधे फीमेल मेडिकल वार्ड चले गए। स्टाफ नर्स को राउंड के दौरान साथ भी नहीं लिया। थोड़ी देर बाद फीमेल मरीजों के साथ के कुछ लोग आए और कहा कि डाक्टर साहब कहते हैं वे राउंड नहीं करेंगेे सिस्टर आएंगी, वही राउंड करेंगी और दवा लगाएंगी। आरोप है कि डाक्टर ने सीएमएस से जाकर कहा कि मेडिकल वार्ड से स्टाफ नर्स की ड्यूटी हटाई जाए। इसके बाद उससे फोन से कहा गया कि वे ड्यूटी से हट जाएं कल से दिन में आएं। स्टाफ नर्स ने डाक्टर पर आरोप लगाया है कि डाक्टर बाहर से इतनी अधिक दवाएं लिखते हैं। स्टाफ नर्स ने पत्र में यह भी बताया है कि जब डीएम के निर्देश हैं कि दवाएं बाहर से न मंगवाई जाएं तो इतनी ज्यादा दवाएं बाहर से क्यों लिखी जाती हैं। स्टाफ नर्स ने मांग की है मरीजों के इलाज के नाम पर खिलवाड़ न किया जाए।
दोनों में है पुराना विवाद
जिला अस्पताल के सीएमएस डा. वीके साहू ने बताया कि डॉक्टर और स्टाफ नर्स में पुराना विवाद है। दवाएं बाहर से लिखने के आरोप पर सीएमएस ने कहा कि वे इस समय बाहर हैं जब आएंगे तो जांच कराएंगे और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
स्टाफ नर्स छंदा पांडे मनमानी कर रही हैं। बाहर से दवाएं लिखने का आरोप बेबुनियाद है। फिलहाल अस्पताल में किसी की भी मनमानी नहीं चलने दी जाएगी। वैसे यह आपसी मामला है, इसलिए सिर्फ इतना कहेंगे कि इस बाबत सीएमओ और सीएमएस को वह सबकुछ अवगत करा चुके हैं।
- डॉ. आरएस माधौरिया, फिजीशियन