उचौलिया। शुक्रवार दोपहर गांव बरनैया के पास शारदा नहर में छलांग लगा रहे सात युवकों में दो युवक डूबने लगे। युवकों को डूबता देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और किसी तरह बचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस सभी युवकों को अपने साथ ले गई है।
शुक्रवार दोपहर शाहजहांपुर जिले के थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र में रौसर कोठी निवासी सुदेश पाल, मंजीत, गोलूपाल, मोनू, जितेंद्र पाल, विवेक और अभिषेक गांव बरनैया के पास शारदा नहर की ब्रांच में की झाल में छलांग लगा रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि युवक झाल में खड़े होकर पानी में कूद रहे थे। इसी दौरान पानी में कूदे युवक सुदेश पाल डूबकर बहने लगा और दूसरा मंजीत झाल के भंवर में फंसकर चक्कर काटने लगा। दो साथियों को पानी में डूबता देख साथ आये युवकों के हाथ-पांव फूल गए।
वहां से गुजर रहे एक युवक ने अन्य युवकों की मदद से डूब रहे युवक सुदेशपाल को बचाया। यह देख खेतों में काम कर रहे किसान भी आ गए उन लोगों ने झाल में फंसे दूसरे युवक मंजीत पाल को खेत में लगी रस्सी काटकर पानी में डालकर बचाया। थानाध्यक्ष जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि युवकों के परिजनों को बुलाया गया है। युवकों को उनके सुपुर्द किया जाएगा।
नहर विभाग की चेतावनी का नहीं हो रहा असर
कुछ दिन पहले झाल के पास तैर रहे रेलवे कर्मी आशीष की नहर में डूबकर मौत हो गई थी। तीसरे दिन उसका शव 25 किमी दूर बरामद हुआ था। इसके बाद शारदा नहर प्रशासन ने नहर के किनारे जगह-जगह बोर्ड लगाकर लोगों को नहर में नहाने पर दो हजार रुपये जुर्माने की चेतावनी जारी की है, मगर लोगों पर इसका भी असर नहीं हो रहा है।
लगाई जाएंगी निगरानी टीमें
शारदा नहर के अधिशासी अभियंता अखिलेश कुमार ने बताया कि लोगों को नहर में स्टंट करने से रोकने के लिए प्रतीकात्मक तौर पर दो हजार रुपए जुर्माना की चेतावनी जगह-जगह लिखाई गई है। उनके पास अभी कर्मचारी कम हैं। चार जून के बाद निगरानी टीमें लगाई जाएंगी।